- शासन ने दिए 5.75 करोड़, रिपेयरिंग का काम चालू

- बांध बनने से हाईटेक सिटी में नहीं रहेगा बाढ़ का खतरा

KANPUR : गंगा बैराज से शुक्लागंज की तरफ जाने वाले मार्ग के दाहिनी ओर मर्जिनल बांध की रिपेयरिंग के लिए शासन ने धन दे दिया है। धन मिलने के बाद अब वहां काम चालू कर दिया गया है। साथ ही यहां सड़क चौड़ीकरण का भी कार्य शुरू होने जा रहा है।

शुक्लागंज मार्ग के समानान्तर मर्जिनल बांध चलेगा। इसका निर्माण तो पहले हो चुका है लेकिन कई जगह से यह टूट जाने से यह बाढ़ का पानी रोकने में नाकामयाब है। इसके रिपेयरिंग के लिए 5.75 करोड़ रुपए के बजट के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने इसे स्वीकृत कर दिया है।

फोरलेन का प्रस्ताव पेन्डिंग

इसके अलावा गंगा बैराज से शुक्ला गंज जाने वाले रास्ते का भी चौड़ीकरण होना है। अभी यह रास्ता टू लेन बना है, जिसको फोरलेन किए जाने का प्रस्ताव शासन के पास विचाराधीन है।

नहीं आएगा बाढ़ का पानी

गंगाबैराज-शुक्लागंज मार्ग के दाहिने ओर मर्जिनल बांध बनने का फायदा यह होगा कि गंगा की बाढ़ का पानी फैलाव न ले सकेगा। इस क्षेत्र में यूपीएसआईडीसी की ट्रांसगंगा हाईटेक सिटी व मॉडर्न सिटी बन रही है। मर्जिनल बांध बनने से इन दोनों सिटी में बाढ़ का खतरा नहीं रहेगा।