-मामूली बारिश में नालियां ओवर फ्लो, सड़क पर पसरा कूड़ा

-साफ-सफाई नहीं होने के कारण आम लोग परेशान

RANCHI: रांची नगर निगम कब स्मार्ट सिटी बनेगा, इसे कहना मुश्किल है। नगर निगम क्षेत्र में शहर की साफ-सफाई पर बरसात में सवाल उठ रहा है। मानसून की बारिश शुरू होते ही शहर की नालियां ओवर फ्लो हो गई हैं। रोड पर जल जमाव, गंदगी और बहते गंदे पानी से लोगों का रोड पर चलना मुहाल हो गया है। साथ ही बदबू और गंदगी से बीमारियों के पैदा होने का भी खतरा उत्पन्न हो गया है। चंद घंटे की बारिश से निगम क्षेत्र की नालियों का ये हाल है तो आने वाले समय में भारी बारिश में क्या होगा। इसका सिर्फ अनुमान लगाया जा सकता है। बरसात पूर्व रांची नगर निगम की तैयारियों के दावे की पोल खुल गई है।

ज्ञात हो कि बीते वर्ष भी मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री व मुख्य सचिव भी रांची नगर निगम को शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कई बार निर्देश जारी किए थे। कई बार निगम की कार्यशैली पर भी सवाल उठ चुके थे। इसके बाद भी साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं होने से आम पब्लिक परेशान है।

कई इलाकों में जमा पानी

रांची के सरकुलर रोड, हरिहर सिंह रोड, लेक रोड आदि सड़कों की कुल मिला कर यही स्थिति है.इसके अलावा कई सड़कों पर नालियों का निर्माण कई माह से जारी है। इसका निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। नालियों की साफ-सफाई सही तरीके से नहीं होने से सड़क पर चलने में आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

कई घरों में घुस रहा पानी

नालियों की साफ-सफाई नहीं होने से कई मकानों में नाली का गंदा पानी प्रवेश कर रहा है। इसके साथ साथ कई मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट के बेसमेंट में भी पानी भर जाने से पार्किंग में खड़े वाहन व अन्य सामान को नुकसान हो रहा है।

आम लोग भी हों जागरूक

नालियों के जाम होने के पीछे एक कारण नालियों में कुड़ा, पालीथिन आदि डालना भी है। हम अपने आस-पास स्वयं ऐसा न करें व दूसरों को भी ऐसा करने से मना करें।