RANCHI: अगर आपने भी अपनी दुकान का लाईसेंस नहीं बनवाया है और नगर निगम आफिस का चक्कर नहीं लगाना चाहते हैं तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। चूंकि रांची नगर निगम अब आपको घर बैठे ही ट्रेड लाइसेंस जारी करेगा। सेल्फ असेस्मेंट की तर्ज पर जल्द ही मार्केटिंग सेक्शन को भी आनलाइन करने की तैयारी की जा रही है, जहां एप्प के माध्यम से आपको लाईसेंस जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद वेरीफिकेशन के लिए नगर निगम की टीम जाएगी। वहीं, गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाएगी। बताते चलें कि निगम में फाइलों की मूवमेंट स्लो होने के कारण रजिस्ट्रेशन से लेकर लाइसेंस जारी करने का काम भी धीमा पड़ जाता है, जिसे रफ्तार देने के लिए रांची नगर निगम अब आनलाइन सिस्टम करने जा रहा है।

रजिस्ट्रेशन कराने में होगी आसानी

निगम के मार्केट सेक्शन के जिम्मे कई काम हैं। इसमें मार्केट के अलावा, बैंक्वेट, हॉस्टल, लॉज, दुकान और रोड किनारे लगाए जाने वाले स्टॉल भी आते हैं। लेकिन आवेदक निगम का चक्कर लगाने के डर से जाते ही नहीं हैं। इस वजह से निगम में उनका रजिस्ट्रेशन भी नहीं हो पाता। लेकिन आनलाइन सिस्टम लागू हो जाने के बाद आनलाइन अप्लाई कर सकेंगे।

डॉक्यूमेंट अपलोड भी कर सकेंगे

किसी भी लाइसेंस के लिए रजिस्ट्रेशन करना हर किसी के लिए आसान हो जाएगा। इसके अलावा डॉक्यूमेंट्स भी अपलोड करने की फैसिलिटी एप्प में दी जाएगी। इससे डॉक्यूमेंट्स खोने का भी डर नहीं रहेगा। वहीं वेरीफिकेशन में भी निगम की टीम को परेशानी नहीं आएगी। इसके बाद भी कोई गलत डॉक्यूमेंट की जानकारी देता है, तो उस पर लीगल एक्शन लिया जाएगा।