देहरादून: परिवहन निगम के बस बेड़े में जल्द ही तीन सौ नई बसों के जुड़ने की उम्मीद है। मंडे को होने वाली कैबिनेट की बैठक में इस पर चर्चा के बाद मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा निगम में संविदा पर कंडक्टरों की भर्ती पर लगी रोक हटाने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

ज्यादातर बसें हो चुकी बूढ़ी

परिवहन निगम के बस बेड़े में कई बसें अपनी उम्र पूरी कर चुकी हैं। यानी ये बसें संचालन की निर्धारित अवधि को पूरा कर चुकी हैं। परिवहन निगम के पास अभी 1290 बसों का बस बेड़ा हैड। इसमें साधारण, जेएनएनयूआरएम के तहत आई बसें, सेमी डीलक्स, डीलक्स, एसी व वॉल्वो बसें शामिल हैं। इन बसों में से तकरीबन 300 बसें अब अपने उम्र के मानकों को पूरा कर चुकी हैं। इन बसों को बस बेड़े से बाहर किया जाना है। इसके लिए परिवहन निगम 300 नई बसों को खरीदने की तैयारी कर रहा है।

कंडक्टर्स की भर्ती भी होगी

निगम का एक और अहम मसला कंडक्टरों की भर्ती से जुड़ा है। निगम को दो वर्ष पूर्व 424 कंडक्टरों को संविदा के आधार पर भर्ती करने की अनुमति मिल चुकी थी। यह मामला कोर्ट में भी गया।

367 अभ्यर्थी हुए थे भर्ती

बीते वर्ष यानी अप्रैल 2018 में परिवहन निगम ने लिखित परीक्षा में सफल 367 अभ्यर्थियों को भर्ती करने प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। इस बीच संविदा कर्मियों के मसले पर हाईकोर्ट के निर्णय के क्रम में शासन ने अप्रैल के अंत में ही सभी विभागों में संविदा भर्ती पर रोक लगा दी थी। तब से ही यह रोक प्रभावी है। इसके बाद से ही परिवहन निगम शासन से लगातार इन पदों पर भर्ती की अनुमति देने का अनुरोध कर रहा है। अब यह मसला कैबिनेट में रखने की तैयारी चल रही है।