आगरा। पशु चोरों ने एक बार फिर से पुलिस को गच्चा दे दिया। आंखों के सामने से चोर फायरिंग करते हुए भाग निकले और पुलिस हाथ मलती रह गई। चोर कुछ मिनट पहले आते तो बड़ी घटना हो जाती चूंकि जुलूस की भीड़ वहां से निकली थी। चोरों ने मथुरा और मघटई से भैंस चोरी की घटना को अंजाम दिया।

रात में पुलिस को मिली सूचना

गुरुवार की रात एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि मथुरा, फरह से पशु चोर भैंस चोरी कर मैक्स पिकअप से आगरा की तरफ आए हैं। इस पर पुलिस अलर्ट हो गई। बदमाशों ने यहां पर थाना जगदीशपुरा के मघटई से एक भैंस चोरी की। पुलिस बमदाशों के पीछे थी। बदमाशों को भी पुलिस की भनक लग गई। बदमाश फिल्मी स्टाइल में पुलिस पर फायर करते हुए भाग रहे थे। कारगिल पेट्रोल पम्प के पास पुलिस ने जबावी फायर किए लेकिन बदमाश नहीं रुके।

एके 47 से किए फायर

बदमाशों के पीछे पुलिस ट्रांसपोर्ट नगर तक आ गई। इसके बाद भी बदमाशों की तरफ से फायरिंग नहीं रुकी। पुलिस को यहां पर एके 47 से फायर करना पड़ा। बदमाशों का दुस्साहस यहां भी नहीं रुका। बदमाशों की दौड़ लगातार जारी थी। पीछे पुलिस अपनी गाड़ी से चल रही थी। बदमाश टीपी नगर से हाईवे की तरफ भाग निकले।

बाजारों में होकर गुजरे

भगवान टॉकीज से बदमाशों ने अपनी गाड़ी मोड़ दी। यहां से हरीपर्वत की तरफ से होते हुए बाजार में दाखिल हो गए। रात के सन्नाटे में उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था। पुलिस मोहर्रम की ड्यूटी में बिजी थी। बदमाश यहां से अंदर ही अदंर से यमुना किनारा रोड होते हुए घाट बजरिया की तरफ निकल गए।

बैरियर तोड़ कर भाग निकले

एत्मादउद्दौला में पुलिस बैरियर लगा कर चेकिंग कर रही थी। बदमाशों ने जब पुलिस की चेकिंग देखी तो उन्होने गाड़ी की गति धीमी नहीं की बल्कि और तेज कर दी। करीब सवा दो बजे बदमाश पुलिस का बैरियर तोड़ते हुए रामबाग की ओर भाग निकले। इस दौरान इंस्पेक्टर राजेश व एक सिपाही अमरपाल के अलावा दो-तीन राहगीर चोटिल हो गए। लगातार पीछा करने के बाद भी बदमाश पुलिस को ठेंगा दिखा कर भाग निकले।

तो हो जाती बड़ी घटना

जिस दौरान बदमाश एत्मादउद्दौला से गुजरे थे उससे कुछ मिनट पहले ही जुलूस के साथ करीब ढाई हजार लोग निकले थे। अगर बदमाश उस दौरान आते तो कईयों को रोंद सकते थे। पूरी घटना में सबसे बड़ी बात ये रही कि बदमाश घेराबंदी के बाद भी पुलिस के हाथ नहीं आ सके।