- बुधवार को नेपाल पहुंचाने की थी तैयारी, हो गई फरार
- महिला थाना की लापरवाही पर जारी हुए जांच के निर्देश

Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: नेपाल से साइकिल चलाकर बच्चों संग भारत पहुंची रूसी महिला के भागने से हड़कंप मचा हुआ है। बुधवार की सुबह करीब छह बजे बच्चों को टायलेट कराने के बहाने महिला पुलिस कर्मचारियों को चकमा देकर विदेशी लापता हो गई। बच्चों संग विदेशी नागरिक के भागने के मामले में पुलिस दिनभर गुपचुप जांच में जुटी रही। देर शाम एसएसपी ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच का निर्देश दिया। महिला के भागने पर नेपाल बार्डर, एसएसबी, एलआईयू सहित अन्य जगहों पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

एसएसबी ने पकड़ा, पुलिस ने की पूछताछ
मंगलवार को नेपाल बार्डर के नोमेंस लैंड पर पिलर नंबर 544 के रास्ते एक विदेशी महिला दो बच्चों संग साइकिल से इंडिया में आ रही थी। बार्डर पर मौजूद एसएसबी जवानों ने पब्लिक की मदद से उसे पकड़ने का प्रयास किया। नेचुरल कॉल के बहाने वह जंगलों में छिप गई। काफी तलाश के बाद उसकी लोकेशन नहीं मिली तो कमांडेंट ने सूचना एसएसबी मुख्यालय को दी। नौगढ़ से टैक्सी से गोरखपुर आने वाली महिला की तलाश शुरू हुई। बाद में एसएसबी जवानों ने महिला को खोजकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे गोरखपुर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नटालिया (27) है। तीन साल से बेटे मैक्सिम (5) और बेटी मारिया (2) के साथ नेपाल के पोखरा में रहती है।

नेपाल ले जाने के पहले हुई फरार
बच्चों संग विदेशी महिला के पकड़े जाने की सूचना पर खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। मंगलवार की शाम महिला से पूछताछ में पता लगा कि वह रुस की रहने वाली है। उसके पति ने तलाक दे दिया है। इसलिए तीन साल से नेपाल में रह रही थी। उसकी छोटी बेटी पोखरा में पैदा हुई थी। उसने सुरक्षा एजेसियों को बताया कि उसका पासपोर्ट सहित सारा दस्तावेज नेपाल में है। गलती से साइकिल चलाती हुई वह इंडिया में आ गई। उसकी बातों पर सहानुभूति दिखाते हुए पुलिस अधिकारियों ने नेपाल ले जाने का फैसला लिया। रात में उसे महिला थाना में रखा गया। बुधवार की सुबह करीब छह बजे महिला ने बच्चों को टायलेट कराने की बात कही। महिला थाना में ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने उसे बाहर जाने की इजाजत दे दी। मौका देखकर वह बच्चों संग कहीं चली गई। तभी से हड़कंप मचा हुआ है। गुपचुप तरीके से महिला की तलाश में पुलिस जुटी रही।

विदेशी महिला और उसके बच्चों को नेपाल भेज दिया गया है। उसके महिला थाना से भागने की सूचना गलत है।
डॉ। शालिनी सिंह, एसएचओ महिला थाना