सानिया ने ट्वीट कर जताई नाराजगी

देश में इन दिनों दुष्कर्म के दो मामले काफी चर्चा में हैं। यूपी के उन्नाव में जहां एक भाजपा नेता पर 18 साल की युवती के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा है। वहीं जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 8 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या करने से पूरे देश में आक्रोश है। बलात्कार की इन दोनों घटनाओं का पूरे देश में विरोध किया जा रहा है। कुछ लोग जहां सड़कों पर निकल आए हैं, वहीं फिल्म और खेल जगत के सितारे सोशल मीडिया पर इस जघन्य अपराध की जमकर आलोचना कर रहे हैं। भारत की महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने ट्विटर पर अपनी बात रखी है। उन्होंने लिखा कि, 'क्या ये वही देश है जिसकी दुनिया में एक अच्छी पहचान है। अगर अब भी हम अपने लिंग, जाति, रंग और धर्म की परवाह किए बिना इस 8 साल की बच्ची के लिए खड़े नहीं हुए तो हम दुनिया में कभी किसी मुद्दे पर एकसाथ खड़े नहीं हो पाएंगे। यहां तक कि इंसानियत के लिए भी नहीं।'

भारतीय होने पर खड़े हो गए सवाल

सानिया के इस ट्वीट ने साफ जाहिर कर दिया था कि, देश में हो रहे ऐसे अपराधों के खिलाफ हमें मिलकर आवाज उठानी होगी। वैसे सानिया की यह बात बिल्कुल सही थी मगर सोशल मीडिया पर एक जनाब ऐसे भी हैं जिन्हें सानिया का बोलना अच्छा नहीं लगा। कनन नमो नाम के एक ट्विटर एकाउंट से बहुत ही घटिया ट्वीट आया। सानिया को रिप्लाई देते हुए इस शख्स ने लिखा कि, 'पूरे सम्मान के साथ मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप किस देश के बारे में बात कर रही हैं। पिछला दफ़ा मैंने आपको देखा था तो आपने पाकिस्तान में शादी की थी। अब आप भारतीय नहीं रही। अगर आप फिर भी यहां के मामलों पर ट्वीट कर रही हैं तो आपको पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा मारे जा रहे मासूमों के लिए भी ट्वीट करना चाहिए।'

फिर सानिया ने ऐसे कराई बोलती बंद

आपको बताते चलें कि सानिया मिर्जा ने पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ शादी की है। इसके बावजूद वह आज भी भारत के लिए टेनिस खेलती हैं। जब उनकी नागरिकता पर सवाल खड़ा हुआ तो सानिया ने इसका बहुत सटीक जवाब दिया। सानिया ने दूसरे ट्वीट में लिखा कि, 'सबसे पहली बात कि कोई किसी जगह से नहीं बल्कि इंसान से शादी करता है। दूसरी बात किसी घटिया सोच वाले इंसान को बताने की जरूरत नहीं है कि मैं किस देश से बिलांग करती हूं। मैं भारत के लिए खेलती हूं और मैं आज भी एक भारतीय हूं और हमेशा रहूंगी। अगर तुम कभी देश और धर्म से ऊपर उठकर सोचना तो कभी इंसानियत के बारे में भी सोच लेना।'

क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी निकाला गुस्सा

सानिया मिर्जा के अलावा भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी उन्नाव और कठुआ रेप केस पर अपना गुस्सा सोशल मीडिया पर निकाला है। गंभीर ने लिखा कि, 'भारतीय चेतना का उन्नाव और फिर कठुआ में रेप हुआ। अब हमारे बेकार हो चुके सिस्टम में इसकी हत्या की जा रही है। सामने आओ 'मिस्टर सिस्टम', अगर तुम्हारे अंदर हिम्मत है तो दोषियों को सजा दो। मैं तुम्हें चैलेंज देता हूं।' इसके अलावा गंभीर ने एक और ट्वीट में लिखा, 'उन लोगों को, खासकर वकीलों को शर्म आनी चाहिए जो कठुआ की हमारी पीड़ित बेटी की वकील दीपिका सिंह राजावत को चुनौती दे रहे हैं और रोक रहे हैं।'

(एजेंसी इनपुट सहित)