नगर निगम सेप्ट की टीम पर खर्च करेगा 72 लाख

- शहर को हेरीटेज बनाने की कवायद में पहला कदम

आगरा। मंगलवार को सेप्ट की चार सदस्यीय टीम आगरा पहुंच गई। टीम ने नगर आयुक्त अरुण प्रकाश और अपर नगर आयुक्त विजय कुमार व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर की स्थिति का जायजा लिया। ताज नगरी को हेरिटेज सिटी बनाने की कवायद का पहला कदम आगे बढ़ा दिया गया है। इस दौरान टीम दो दिन तक शहर का भौतिक सर्वे करेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट सौपेंगी। अहमदाबाद की सेप्ट (सेंटर फॉर एन्वायरमेंटल प्लानिंग एंड टेक्नोलॉजी) विवि। द्वारा शहर में अध्ययन के लिए 72 लाख रुपये खर्च होंगे।

प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लिया जायजा

मंगलवार को सेप्ट की टीम ने डीएम एनजी रवि कुमार, कमिश्नर अनिल कुमार, नगर आयुक्त अरुण प्रकाश के साथ टीम ने कई स्थानों पर जायजा लिया। इस दौरान टीम ने अधिकारियों के साथ मीटिंग कर जानकारियों को साझा किया। हेरीटेज सिटी बनाने में समयास्थिति, हेरीटेज बनने से पर्यटन को कितना लाभ मिलेगा। शहर को हेरीटेज के रुप में विकसित करने में कितना समय लग जाएगा। बता दें कि पर्यटन ने इसके लिए 80 लाख से ज्यादा का बजट दिया है। इससे पहले टीम ने नगर निगम से सभी जानकारियां और नक्शे लिए। टीम अपने अध्ययन के दौरान शहर की भौगोलिक स्थिति ऐतिहासिक इमारतें उनके महत्व का अध्ययन करेगी। सॉलिड वेस्ट, सीवर, नाला, ताज नगरी में मौजूदा संसाधनों का अध्ययन करेगी। इसमें सौभाग्य योजना की स्थिति, ग्रीन गैस लि। द्वारा पीएनजी गैस की आपूर्ति, उज्जवला योजना का वितरण, नालों की सफाई उनकी टैपिंग, नमामि गंगे योजना, ओडीएफ की स्थिति, हार्वेस्टिंग सिस्टम, भूगर्भ जल संचयन आदि की स्थिति का अध्ययन किया जाएगा।

फेसेड इंप्रूमेंट ऑफ ट्रेडीशनल हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत होगा कार्य

नगर निगम द्वारा सिटी की मुख्य पुरानी बिल्डिंग को एक रूप में रंगने के लिए फेसेड इंप्रूमेंट ऑफ ट्रेडीशनल हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसी प्रोजेक्ट के तहत बिल्डिंग को समरूपता प्रदान की जाएगी। इसके लिए ताजगंज क्षेत्र, दरेसी, रावतपाड़ा, आगरा फोर्ट, आगरा कैंट, पुरानी मंडी, सर्किट हाउस, खेरिया मोड़, माल रोड आदि क्षेत्रों में बिल्डिंग को एकरूपता प्रदान की जाएगी। इसमें भवन, दुकान व अन्य इमारतों को चिह्नित किया गया है। भवन स्वामियों की ये जिम्मेदारी रहेगी कि वे एक रूपता को बरकरार रखें।