- पीएमओ ने मुख्य सचिव को भेजा मामला, रिपोर्ट देने को कहा

- मामले में उचित कार्रवाई कर वर्तिका सिंह को बताने के निर्देश

LUCKNOW :

इंटरनेशनल शूटर वर्तिका सिंह के साथ मारपीट और छेड़खानी के बाद कोई सुनवाई न होने के मामले का संज्ञान प्रधानमंत्री कार्यालय ने लिया है। पीएमओ ने प्रदेश के मुख्य सचिव को इस बाबत पत्र भेजकर उचित कार्रवाई करने और उसके बारे में वर्तिका सिंह को बताने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्य सचिव को भी कार्रवाई की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। पीएमओ ने वर्तिका सिंह द्वारा शिकायत भेजे जाने के पांच दिन के भीतर इसका संज्ञान लेते हुए यह निर्देश जारी किए हैं।

गांधी प्रतिमा पर किया था प्रदर्शन

दरअसल इस मामले में न्याय नहीं मिलने पर वर्तिका ने सोमवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन किया था। पीजीआई के डॉ। पीयूष पर छेड़खानी का आरोप लगाकर गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने कहा कि जब मेरा यह हाल है तो इस बात का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सामान्य लड़कियों का क्या हाल होगा। वर्तिका का दावा है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी की है। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि उसने आरोपियों को बचाने का कोई प्रयास नहीं छोड़ा है, साथ ही कई रिपोर्ट भी बदल दी। ध्यान रहे कि वर्तिका ने आरोप लगाया है कि पीजीआई थाना क्षेत्र में डॉ। पीयूष गुप्ता ने नशे में उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। विरोध करने पर वह गाली-गलौच और मारपीट पर उतर आए और उसके साथ छेड़खानी की। वर्तिका ने यूपी 100 पर फोन किया लेकिन कॉल नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने 1090 पर फोन किया फिर भी मदद नहीं मिली।