-केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लालू यादव पर बोला हमला

-सिगरा स्थित बैंक्वेट हॉल में प्रबुद्ध महिलाओं की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लिया भाग

VARANASI

लालू यादव लालटेन की रोशनी में बनारस का विकास देखने आए थे। उन्हें नहीं पता कि विकास देखने के लिए सूरज की रोशनी चाहिए, लालटेन नहीं। यह बातें बुधवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वो अब सठिया गए हैं। सिगरा स्थित बैंक्वेट हॉल में बुधवार को प्रबुद्ध महिलाओं की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद केन्द्रीय मंत्री ने मीडिया से बात की। कहा कि पीएम ने बहू-बेटियों के बारे में सोचा। महिलाएं शौच के लिए बाहर न जाएं इसके लिए फंड की व्यवस्था की। छोटे-मोटे रोजगार के लिए मुद्रा लोन की व्यवस्था की। परिणाम यह रहा कि मुद्रा लोन की 70 फीसद महिलाएं लाभार्थी हैं। जब कोई आधी आबादी के लिए इतना सोचता है तो उनका भी फर्ज बनता है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च को उन्हें कुछ वापस किया जाए।

यूपी में है भय का माहौल

स्मृति ईरानी ने टीवी सीरियल की चर्चा करते हुए कहा कि महिलाएं तुलसी बनकर अपने परिवार के साथ देश के बारे में विचार करें। यूपी में तो कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई। भय के मारे बेटियां स्कूल व प्रताडि़त गरीब महिलाएं थाने तक नहीं जाना चाहती हैं। भयमुक्त प्रदेश बनाने के लिए यहां भाजपा की सरकारी जरूरी हो गई है। सीएम अखिलेश यादव, पीएम को अपशब्द बोलते हैं। भई, जिसने अपने पिता का सम्मान नहीं किया, वह मोदी को सम्मान कैसे दे सकता है। इसके पहले बजरडीहा में आयोजित जनसभा में स्मृति ईरानी ने केंद्र सरकार द्वारा बुनकरों के लिए चलाई गई योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि बुनकरों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर है। इसके सहयोग द्वारा बुनकरों को धागे से लेकर हर चीज की व्यवस्था की गई है। यूपी में सरकार बनते ही एक करोड़ का कोष बनेगा। बिना ब्याज के बुनकरों को लोन मिलेगा। बनारस में लूम खरीदने के लिए बुनकरों को 90 फीसद धनराशि सरकार देगी। शिल्पकारों के लिए भी योजनाएं बनाई गई हैं।