110 वार्ड नगर निगम क्षेत्र में

8 जोन में बंटा है शहर

3 लाख से अधिक लोगों के नंबर अपडेट

2 लाख नंबर अभी किए जाएंगे अपडेट

5 से 10 हजार रुपए स्पॉट फाइन

- निगम की ओर से जनता की जिम्मेदारी तय करने को उठाया जा रहा कदम

- जोनल अधिकारी के साथ सफाई निरीक्षकों को सौंपी जा रही है जिम्मेदारी

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW शहर को स्वच्छता की पटरी पर दौड़ाने के लिए निगम की ओर से कई चरणों में कवायद शुरू की गई है। इसी कड़ी में अब जनता के मन में स्वच्छता की अलख जगाने के लिए अब एसएमएस का सहारा लिया जाएगा। जनता को मैसेज भेज बताया जाएगा कि कि स्वच्छता में उनका कितना योगदान है। स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने वालों को निगम सम्मानित भी कर सकता है।

यह है योजना

जानकारी के अनुसार, निगम ऐसे लोगों को चिन्हित करने की कवायद कर रहा है, जो स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हैं। वहीं उन लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जो स्वच्छता में अपना योगदान नहीं देते। निगम पहले तो ऐसे लोगों को जागरुक करेगा। फिर भी स्थिति न सुधरी तो ऑन स्पॉट फाइन की भी व्यवस्था की जाएगी।

इस तरह करेंगे जागरुक

इस समय निगम की ओर से हाउस टैक्स वसूलने की कवायद की जा रही है। कर्मचारी सभी भवन स्वामियों के मोबाइल नंबर अपडेट कर रहे हैं। इसके साथ ही भवन स्वामियों को जागरुक भी किया जा रहा है कि वे अपने-अपने मोबाइल नंबर अपडेट कराएं। जिससे उन्हें टैक्स व निगम से जुड़ी जानकारियां समय से दी जा सकें।

नंबर ही बनेंगे जरिया

निगम की योजना से साफ है कि जो नंबर निगम के रिकॉर्ड में आ जाएंगे, उनसे ही जनता के मन में स्वच्छता की अलख जगाई जाएगी। मैसेज कर के उन लोगों को भी जागरुक किया जाएगा जो गंदगी फैलाते हैं। ऐसे लोगों से अपील की जाएगी कि वे शहर को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग दें।

इस तरह करेंगे चिन्हित

गंदगी फैलाने वालों को चिन्हित करने के लिए कई चरणों में प्रयास किया जा रहा है। सफाई निरीक्षकों के साथ-साथ जोनल अधिकारियों को भी इन्हें चिन्हित करने की जिम्मेदारी दी जा रही है, जो सफाई अभियान में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। पहले तो ऐसे लोगों को मौखिक चेतावनी दी जाएगी। फिर उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर उन्हें गंदगी न फैलाने के लिए अवेयर किया जाएगा। अगर तीन से चार मैसेज भेजने के बाद भी संबंधित व्यक्ति गंदगी फैलाना बंद नहीं करता है तो फिर निगम की टीम मौके पर जाकर स्पॉट फाइन करेगी।

कंडीशन पर पेनाल्टी

वैसे तो निगम की ओर से पेनाल्टी राशि निर्धारित है। यह राशि दो हजार से पांच हजार के बीच में है। नई व्यवस्था के अनुसार, जब निगम टीम की ओर से स्पाट फाइन किया जाएगा तो इसकी राशि कंडीशन के हिसाब से तय की जाएगी। देखा जाएगा कि व्यक्ति ने किस हद और किस स्तर तक कूड़ा फैलाया है। इस बार स्पॉट फाइन करने के लिए निगम की ओर से हैंड हेल्ड मशीन की मदद ली जाएगी। जिससे मौके पर ही दोषी को जुर्माना राशि जमा करनी होगी।

वर्जन

शहर को स्वच्छ बनाने के लिए निगम की ओर से ऐसी कवायद की जा रही है। हमारा उद्देश्य है कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और स्वच्छता अभियान में सहयोग करे।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त