रांची : झारखंड के रांची के अलावा अन्य राज्यों में सैकड़ों लोगों को फर्जी सर्टिफिकेट देकर फर्जी डॉक्टर बनाने वाले गिरोह के सरगना बाप-बेटे को कोलकाता सीआइडी ने रिमांड पर लिया है। ये दोनों अल्टरनेटिव मेडिसिन का फर्जी सर्टिफिकेट देकर लोगों को फर्जी डॉक्टर बनाने का काम करते थे। सुरेश अग्रवाल एवं चंदन अग्रवाल को 10 दिनों के लिए सीआइडी की रिमांड पर भेजा गया है। इसे लेकर शनिवार शाम सीआइडी की टीम कोलकाता पहुंची थी। रविवार को विधाननगर जिला अदालत में इन्हें पेश किया गया जहां से इन्हें सीआइडी ने रिमांड पर ले लिया।

 

लाखों की कमाई

दोनों बाप-बेटे को गत 6 सितंबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस से गिरफ्तार किया गया था। इस बारे में सीआइडी की ओर से बताया गया है कि दोनों ने इंडियन बोर्ड ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन के नाम से कोलकाता के चौरंगी व रांची में संस्थान खोल रखा था, जहां से फर्जी डिग्री देकर लाखों रुपये कमाते थे। सुरेश प्रेसिडेंट था जबकि चंदन सेक्रेटरी। इन दोनों ने कोलकाता के चौरंगी रोड में उक्त संस्था का दफ्तर खोल रखा था। फर्जी डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद से ही दोनों गिरफ्तारी के डर से फरार हो गए थे। इधर सीआइडी ने कोलकाता के उनके संस्थान पर छापामारी कर तलाशी अभियान चलाया था और सील कर दिया था। इन्हें दबोचने के लिए टीम लगातार कोशिश कर रही थी।