-बैंक के पहले दिन की हड़ताल ने लगाई दो सौ करोड़ की चपत

-पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रहा था सर्वर, अब बंद हो गए बैंक

ALLAHABAD: बैंकों की हड़ताल आम जनमानस की परेशानी का कारण बन गई। बता दें कि सातवें वेतन आयोग सहित तमाम मांगों को लेकर बैंक दो दिनी हड़ताल पर हैं। इसके पहले दिन बुधवार को लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। कई जगह मेन गेट पर ताले लटके रहे। बैंकों में कामकाज ठप रहने से करोड़ों का लेनदेन भी नहीं हो सका।

सुबह पहुंचे तो गार्ड ने लौटाया

बैंक अपनी मांगों को लेकर 30 और 31 मई को हड़ताल पर हैं। हालांकि बहुत से लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। ऐसे में लोग बुधवार को सुबह बैंक पहुंचे तो उन्हें निराश लौटना पड़ा। यह भी बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सर्वर की खराबी से भी लोग परेशान थे। ऐसे में अचानक हड़ताल हो जाने पर उनकी परेशानी में इजाफा हो गया। बुधवार को बैंक बंद होने से दो सौ करोड़ का लेनदेन ठप रहा। लोगों के कई जरूरी कामों में हड़ताल रुकावट बन गई।

सिविल लाइंस में किया जोरदार प्रदर्शन

यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आहवान पर देशभर में दस लाख से अधिक अधिकारी कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर रहे। इस दौरान एसबीआई के समस्त अधिकारी व कर्मचारियों ने सुबह सिविल लाइंस स्थित अपने प्रशासनिक कार्यालय में उप महामंत्री एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन एस सेनगुप्ता के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद बैंक की मुख्य शाखा पर सभा का आयोजन किया गया। जिसमें अनूप टिग्गा, जूही केसरी, विमल श्रीवास्तव, सर्व प्रकाश, अश्वनी द्विवेदी, दिवाकर जी, नीलम उपाध्याय आदि ने संबोधित किया।