- रेलवे जंक्शन पर बुलाई बैठक में रेलवे, नगर निगम, सेतु निगम और निर्माण विभाग के अधिकारी हुए शामिल

BAREILLY:

सुभाषनगर पुलिया पर बनाए जाने वाले रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) की प्रदेश में शासन स्तर पर फंसी फाइल को अब केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार आगे बढ़वाएंगे। पुलिया की समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री आगे आए हैं। ट्यूजडे दोपहर बरेली जंक्शन पहुंच गए और तुरंत एक बैठक बुला ली। केंद्रीय मंत्री ने रेलवे, नगर निगम और सेतु निगम के अधिकारियों के साथ रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के बारे में चर्चा की। रेलवे के एडीआरएम शरद श्रीवास्तव ने बताया कि आरओबी निर्माण में रेलवे की तरफ से कोई बाधा नहीं है। प्रदेश सरकार से बजट स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

आरओबी के इंतजार में पब्लिक

बता दें, सुभाषनगर पुलिया का बेस डाउन है। यहां जरा सी बारिश में पानी भर जाता है, जिससे 50 हजार आबादी वाले इलाके का जनजीवन प्रभावित होता है। बारिश में निकलने की समस्या अधिक रहती है। पब्लिक भी आरओबी बनने के इंतजार में ताकि उसे रोज-रोज की समस्या से मुक्ति मिल जाए। जनता की मांग को देखते हुए केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार सुभाषनगर पुलिया पर आरओबी बनवाने के प्रयास में लगे हैं। साथ ही, केंद्रीय मंत्री श्री गंगवार ने जंक्शन पर लिफ्ट और एस्केलेटर्स की सुविधा जल्द शुरू कराने के लिए कहा। फुट ओवर ब्रिज पर बनी जाली को भी हटाने के ि1लए कहा।

रेल मंत्री को कराएंगे अवगत

केंद्रीय मंत्री ने मुरादाबाद रेल मंडल प्रबंधक से इस संबंध में बात की। उसी को लेकर ट्यूजडे को केंद्रीय मंत्री ने जंक्शन पर अफसरों की मीटिंग बुलाई, जिसमें अफसरों ने अपना सुझाव दिया। बता दें कि सुभाषनगर पुलिस बंद होने की वजह से बाइक सवारों को रेलवे लाइन से गुजरना मजबूरी हो जाती है। जिसकी शिकायत भी लोगों ने केंद्रीय मंत्री से की। इस बात पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि वह इस बारे में रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात करेंगे। ताकि, आरओबी निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।