-फांसी लगाकर महिला ने दी जान, सास-ससुर हिरासत में

BAREILLY: सुभाषनगर में रामगंगा हॉस्पिटल के बाहर गाड़ी में महिला की डेड बॉडी को छोड़कर पति फरार हो गया। महिला फंदे पर लटक गई थी और पति उसे इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सास-ससुर को हिरासत में ले लिया है। दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

11 मई को हुई थी शादी

मृतक महिला की पहचान मोनिका मिश्रा के रूप में हुई है। मोनिका के पिता हरि रत्‍‌न पुत्र ईश्वरी प्रसाद गौस गंज भमौरा के रहने वाले हैं। वह प्रगति नगर सुभाषनगर में रहते हैं। मोनिका की शादी 11 मई 2018 को शिरकडी, बिनावर बदायूं निवासी रोहित शर्मा से हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले मोनिका को दहेज के लिए प्रताडि़त कर रहे थे। फ्राइडे को मोनिका फंदे पर लटक गई। जब पति को पता चला तो उसे नीचे उतारकर बदायूं रोड स्थित रामगंगा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हॉस्पिटल में डाक्टर्स ने मोनिका को मृत घोषित कर दिया जिसके बाद पति वहां से भाग गया।

कार और 10 लाख की मांग

मोनिका मिश्रा के भाई प्रवीन का आरोप है कि मोनिका के ससुराल वाले दहेज में 10 लाख रुपए और कार की डिमांड कर रहे थे। कुछ दिनों पहले 130 गज का प्लाट भी दिया था। इसके बावजूद भी डिमांड जारी थी। डिमांड पूरी न होने पर बहन को मार दिया गया। पुलिस ने सास माधुरी शर्मा और ससुर रामसेवक को हिरासत में लिया है .सास-ससुर का कहना है कि मोनिका ने सुसाइड किया है। सुसाइड की वजह बताने से बदनामी होगी।