- प्यार में शक होने पर प्रेमी-प्रेमिका ने किया सुसाइड, होटल के कमरे से मिले थे दोनों के गोली लगे शव

- कमरे से पुलिस को मिले सुसाइड नोट, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस भी बरामद

ROORKEE: प्यार में शक की कीमत प्रेमी-प्रेमिका को जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस को होटल के कमरे से दो सुसाइड नोट मिले हैं। जिसमें प्रेमी ने लिखा है कि प्राची उस पर शक करती है। जिसे लेकर दोनों ही काफी तनाव में हैं। दोनों के सुसाइड नोट में जो बात समान है, वह यह है कि वे एक दूसरे से प्यार करते हैं और किसी को उनकी मौत का जिम्मेदार नहीं समझा जाए। सुसाइड नोट से पुलिस यह मानकर चल रही है कि किसी शक की वजह से ही दोनों ने आत्महत्या की होगी। बहरहाल, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

होटल के कमरे में मिले शव

गुरुवार दोपहर एक बजे विशाल त्यागी (25) पुत्र यतेंद्र निवासी 61/1633, राम विहार नगर, नगर निगम, थाना मंडी, बेहट रोड, जिला सहारनपुर, उप्र और प्राची (22) पुत्री बुद्ध प्रकाश निवासी संतनगर, नुमाइश कैंप, जिला सहारनपुर, उप्र ने रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के देहरादून रोड स्थित होटल सत्यम में तीसरी मंजिल पर एक कमरा किराये पर लिया था। विशाल त्यागी की बाईक एक कंपनी की पार्किंग में खड़ी थी। प्राची के पिता पुलिसकर्मी हैं और देवबंद कोतवाली में तैनात हैं। गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे होटल का एक कर्मचारी बाईक हटवाने के लिए कमरे में पहुंचा तो दरवाजा बंद मिला था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो दोनों के माथे पर गोली लगे शव बरामद हुए थे। 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस भी बरामद हुए थे। पुलिस ने कमरे की आलमारी से तीन पेज के दो सुसाइड नोट बरामद हुए। एक सुसाइड नोट अंग्रेजी में लिखा था। जो प्राची की ओर से लिखा बताया जा रहा है। इस सुसाइड नोट में उसने बताया था कि वइ इस जन्म में एक नहीं हो पाए। अगले जन्म में प्राची विशाल त्यागी जरूर बनूंगी। वहीं, विशाल त्यागी के सुसाइड नोट में लिखा था कि हम एक-दूसरे से प्यार करते हैं। प्राची मुझ पर शक करने लगी है। जिसके चलते कुछ समय से हम दोनों ही तनाव में हैं। हमारी मौत का किसी को भी जिम्मेदार नहीं समझा जाए। हम अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं। करीब 12 से 15 लाइन में यह बात लिखी गई हैं। शुक्रवार दोपहर सिविल अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में दोनों शव का पोस्टमार्टम हुआ। इस दौरान दोनों के परिजन वहां पर मौजूद थे। गंगनहर कोतवाली के एसआई खजान सिंह चौहान ने बताया कि दोनों के सुसाइड नोट से लग रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर शक था। इसी शक को लेकर दोनों तनाव में थे। इसके चलते ही दोनों ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली। हालांकि परिजन इनके प्रेम संबंधों की जानकारी से इनकार कर रहे है।