जनपद के 20 प्वाइंट्स पर चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान

वाहनों की चेकिंग करेंगे आठ जनपदों के अधिकारी

Meerut। इस बुधवार अपने वाहन के साथ घर से बाहर निकलने से पहले जरा यातायात के नियमों को याद कर लें और साथ ही साथ अपनी गाड़ी या दुपहिया वाहन के कागजात भी पूरे करा लें, कहीं ऐसा न हो कि आप के सफर में परिवहन विभाग का अभियान खलल डाल दे। 18 अप्रेल को परिवहन विभाग द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, यह अभियान जनपद के कई प्रमुख मार्गो पर चलेगा, जिसकी कमान खुद परिवहन विभाग के आला अधिकारी संभालेंगे जो आपको यातायात के नियमों की जानकारी के साथ जुर्माना भी वसूलेंगे।

हेल्मेट व सीट बेल्ट पर चलेगा अभियान

18 अप्रेल को संभागीय परिवहन विभाग द्वारा बिना हेल्मेट, बिना सीट बेल्ट चालान और सड़क सुरक्षा संबंधी पैम्फलेट वितरण व वाहनों पर यातायात के नियमों से संबंधित स्टिकर लगाने का अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जनपद में विभिन्न जगहों पर दुपहिया व चौपहिया वाहनों की चेकिंग कर चालान काटा जाएगा।

अधिकारी संभालेंगे कमान

इस अभियान के लिए परिवहन विभाग द्वारा मेरठ समेत आसपास के आठ जनपदों के आरटीओ, एआरटीओ और पीटीओ को लगाया गया है। ये सभी अधिकारी निर्धारित जगह पर वाहनों की चेकिंग कर यातायात नियमों के प्रति वाहन चालकों को जागरूक करेंगे। अभियान में मेरठ, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, हापुड, गाजियाबाद, मुजफ्फनगर, बागपत, सहारनपुर के अधिकारी शामिल होंगे।

20 प्वाइंट्स पर चेकिंग

इन अभियान के लिए जनपद में 20 पाइंट को चेकिंग के लिए निर्धारित किया गया है। इनमें-

कैली खरखौद, हापुड रोड

मेडिकल, गढ़ रोड

जागरण चौराहा

एलआईसी साकेत पेट्रोल पंप

मऊखास, सिसौली

परतापुर बाईपास चौराहा

पल्लवपुरम बाईपास

कमिश्नरी चौराहा

मवाना तहसील

जानी रोड, घाट पांचली

कंकरखेडा, सरधना रोड

गांधी आश्रम

गंगानगर

भगवानपुर रोड

दौराला चौराहा

बच्चा पार्क

लखवाया, रेलवे स्टेशन के पास

मसूरी-लावड़ मार्ग

सरधना मेन चौराहा

घंटाघर रेलवे रोड

हर बुधवार को परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रुप से यह अभियान चलाया जाता है, लेकिन 18 अप्रेल को विशेष अभियान चलाया जाएगा। डयूटी चार्ट तैयार कर सभी अधिकारियों की डयूटी लगा दी गई है।

- ओपी सिंह, आरटीओ प्रवर्तन