- परिवहन निगम कर रहा है तैयारी, पैसेंजर्स को होगा फायदा

- लेटलतीफी के चलते ट्रेनों में लगता है 12 घंटे तक का समय

LUCKNOW :

अब ट्रेन से पहले दिल्ली पहुंचाएंगी परिवहन निगम की बसें। आगरा-एक्सप्रेस वे का फायदा उठाने और यात्रियों को कम समय में दिल्ली तक सफर की सुविधा देने के लिए परिवहन निगम प्लान तैयार कर रहा है। ऐसे में जहां ट्रेनों के उन यात्रियों को फायदा मिलेगा, जिन्हें सीट नहीं मिल पाती, वहीं सफर में उनका समय भी कम लगेगा। ट्रेनों में लखनऊ से दिल्ली तक सफर में जहां 10 से 12 घंटे लग जाते हैं, वहीं बस से सात घंटे में यह सफर पूरा होगा। परिवहन निगम इसके लिए बस का संचालन जल्द शुरू करने की तैयारी में है।

अभी सिर्फ एक बस

परिवहन निगम एक स्कैनिया बस का संचालन इस रूट पर शुरू कर दिया गया है। वाहन संख्या यूपी 41 एटी 4696 और 4697 का संचालन आनंद बिहार और लखनऊ के बीच शुरू कर दिया गया है। दोनों तरफ बसों के रवाना होने का समय शाम चार बजे रवाना होने का निर्धारित किया गया है वहीं रात 11 बजे यह बस अपनी मंजिल पर पहुंच जाएगी। आनंद बिहार-लखनऊ नॉनस्टॉप (वाया ताज एक्सप्रेस वे) बस सेवा में सफर के लिए यात्रियों का किराया भी निर्धारित कर दिया गया है। इस बस में 1332 रुपए प्रति व्यक्ति किराया निर्धारित किया गया है। जबकि शताब्दी से लखनऊ से दिल्ली का किराया चेयरकार का 1210 रुपए तो एक्जीक्यूटिव क्लास को 1775 रुपए है। वहीं अन्य ट्रेनों से लखनऊ से दिल्ली थर्ड एसी का किराया 815 रुपए और सेकेंड ऐसी को 1150 रुपए है। सात घंटे में सफर की सुविधा मिलने के कारण इस बस में एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। शताब्दी में जिन यात्रियों को जगह नहीं मिल पाती वे इस बस के माध्यम से अपना सफर तय कर सकते हैं।

5 अन्य शहरों से भी बस सेवा जल्द

यूपी के पांच अन्य शहरों के लिए परिवहन निगम जल्द ही नॉनस्टाप बस सेवा शुरू करेगा। ये बस सेवा रेलवे के समय सारणी के अनुसार ही संचालित की जाएंगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि आलमबाग बस टर्मिनल से मेरठ, बरेली, इलाहाबाद, गोरखपुर और झांसी क लिए वातानुकूलित बस सेवा का संचालन अगले माह अक्टूबर से किए जाने की तैयारी है। जल्द ही इसके लिए समय और किराया जारी किया जाएगा।

पैसेंजर्स को होगा फायदा

गौरतलब है कि राजधानी से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। ट्रेनों में भीड़ होने के चलते बड़ी संख्या में पैसेंजर्स को सीट नहीं मिल पाती है। ऐसे यात्रियों को सफर में असुविधा ना हो इसके लिए परिवहन निगम प्लानिंग कर रहा है कि जिस समय दिल्ली की ट्रेनों का समय हो, उसके आधे घंटे बाद यहां से और दिल्ली से लखनऊ के लिए बसें चलाई जाए। इससे निगम को भी फायदा होगा।

कोट

रेलवे के टाइम टेबल को स्टडी किया जा रहा है। लखनऊ से दिल्ली के बीच सफर में कितना समय लग रहा है। यात्रियों का समय बचाने के लिए लखनऊ से दिल्ली के मध्य स्कैनिया बस सेवा शुरू हो गई है। जल्द ही और भी बसें चलाई जाएंगी।

- एचएस गाबा, मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन

उप्र। राज्य सड़क परिवहन निगम

ट्रेनों का टाइम टेबल

ट्रेन छूटने का समय पहुंचने का समय टोटल टाइम किराया

12229 लखनऊ मेल रात 10.10 6.50 बजे सुबह 8 घंटे 40 मिनट

12555 गोरखधाम- रात-9.35 बजे 5.50 बजे सुबह 8 घंटे 15 मिनट

12419 गोमती - सुबह 6.00 बजे 3.15 बजे दोपहर 9 घंटे 15 मिनट

12003 शताब्दी दोपहर 3.35 बजे 10.15 बजे रात 6 घंटे 40 मिनट 1210 रु.(चेयरकार), 1775 (एक्जीक्यूटिव क्लास )

14257 काशी विश्वनाथ रात 8.18 बजे 5.40 बजे सुबह 9 घंटे 22 मिनट