वेतन न मिलने से सफाई कर्मचारी हुए परेशान, शहर में जगह-जगह पसरी गंदगी

Meerut। दीपावली पर शहर की सफाई की लाख घोषणाओं के बाद भी शहर की सड़कों पर पसरी गंदगी निगम के दावों की हवा हवाई साबित कर रहे हैं। उधर निगम द्वारा दीपावली पर भी सफाई नायकों का वेतन जारी नही किया गया जिस कारण से शहर में जगह-जगह गंदगी फैली होने के बाद भी निगम के कर्मचारी गायब हैं और गंदगी साफ नहीं हो रही है।

सड़कों पर पसरी गंदगी

निगम का दावा था कि वार्ड वार टीम बनाकर मुख्य सड़कों चौराहों और गलियों की साफ सफाई की जाएगी। लेकिन यह अभियान छोटी दीपावली तक केवल वीआईपी क्षेत्रों और आला अधिकारियों के घरों के आसपास तक सीमित है। शहर के अधिकतर चौराहों और मुख्य सड़कों पर जगह जगह कूड़ा बिखरा हुआ है, लेकिन सफाई नही हो पा रही है।

पार्को के हाल भी बदहाल

निगम के द्वारा पार्को की साफ-सफाई और चूना डालने की व्यवस्था भी मंगलवार शाम तक पूरी नही हो सकी। दीपावली के दिन शहर के अधिकतर सभी चौराहों और पार्को पर गंदगी की सफाई के बाद चूना डालने की योजना थी लेकिन देर शाम तक पार्को में गंदगी पसरी रही।

सुपरवाइजर के नेतृत्व में शहर में टीम सफाई के काम में जुटी हुई है। दीपावली के दिन भी सफाई का काम जारी रहेगा।

मनोज त्रिपाठी, लेखाधिकारी नगर निगम

सवा दो करोड़ की बिजली से रोशन होगी दीपावली

दीपावली पर शहर के लोगों को किसी प्रकार की विद्युत संबंधी परेशानी ना रहे इसके लिए विद्युत विभाग ने अन कट विद्युत आपूर्ति का दावा किया है। इसके लिए विद्युत विभाग ने अपने लाइन मेन समेत सब स्टेशन प्रभारियों को दीपावली की शाम भी डयूटी पर तैनात किया है। बिजली विभाग का दावा है कि करीब सवा दो करोड़ रुपए की बिजली इस दिन घरेलू उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग की जाएगी।

जारी रहेगी मरम्मत

दीपावली पर निर्बाध आपूर्ति रहे इसके लिए विद्युत विभाग द्वारा लाइनों की रिपेयरिंग का काम किया जा रहा है। किसी क्षेत्र में इमरजेंसी फॉल्ट की स्थिति में तुरंत दूसरे बिजली घर से सप्लाई ली जाएगी। इसके लिए बिजलीघरों को भी निर्देश दिए जा चुके हैं।

दीपावली पर लगातार 24 घंटे सप्लाई देने का प्रयास है इसके लिए सभी संभव तैयारियां की जा चुकी हैं। इसके बाद भी यदि कहीं कोई फॉल्ट होता है तो तुरंत रिकवर किया जाएगा।

संजीव राणा, ईएक्सईएन सिटी