कैट के सम्पूर्ण क्रांति रथ ने व्यापारियों को किया जागरुक

43 लाख करोड़ के सालाना खुदरा व्यापार पर कई देशों की है नजर

ptayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: देश भर के व्यापारियों को खुदरा व्यापार में विदेशी निवेश से होने वाले नुकसान के प्रति जागरुक करने निकले कैट के सम्पूर्ण क्रांति रथ ने बुधवार को शहर में भ्रमण किया। रथ का नेतृत्व कर रहे वालिया जी व कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने जगह-जगह सभा कर व्यापारियों को जागरुक किया।

व्यापारी के लिए नहीं है कोई मंत्रालय

सम्पूर्ण क्रांति रथ चंद्रलोक चौराहा से कोठापार्चा, आर्यकन्या, मुट्ठीगंज, रामभवन चौराहा, बहादुरगंज, सुलाकी चौराहा, मानसरोवर, जीरो रोड, घंटाघर, जानसेनगंज होते हुए सिविल लाइंस पहुंचा। रथ का नेतृत्व का रहे वालिया जी ने व्यापारियों को बताया कि आनलाइन और खुदरा बाजार में विदेशी निवेश की वजह से देश के साढ़े छह करोड़ व्यापारी ही नहीं, उससे जुड़े करीब 25 करोड़ अकुशल श्रमिक भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने कहा कि देश में उद्योग, किसान, मजदूरों के लिए विभिन्न मंत्रालय है। लेकिन देश की जीडीपी में 45 प्रतिशत का योगदान देने वाले व्यापारी के लिए न तो कोई नीति है और न ही कोई अलग मंत्रालय।

चौपट हो जाएगा खुदरा व्यापार

तरंग अग्रवाल ने कहा कि विदेशी निवेश के नाम पर एक बार फिर ईस्ट इंडिया कंपनी की वापसी होने वाली है। विश्व के अन्य देशों की निगाह भारत के 43 लाख करोड़ के सालाना खुदरा व्यापार पर है। अजय अग्रवाल, दिनेश केसरवानी, शिव विशाल गुप्ता, अरुणेश जायसवाल, संजीव गुप्ता, अरविंद आशीष अग्रवाल ने रथ का स्वागत किया। रथ के साथ आशुतोष गोयल, विभु अग्रवाल, महेंद्र गोयल, अनुपम अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, संदीप केसरवानी, गौतम अरोरा, आलोक सिंह, मुन्नालाल आदि मौजूद रहे।