ALLAHABAD: कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक 45 वर्षीय महिला को अधमरा कर गंगा के कछार में फेंक दिया गया। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित विनोद की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे अवैध संबंध को जिम्मेदार बता रही है। महिला मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र की निवासी है।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र की मूल निवासी एक महिला यहां मजदूरी करती है। वह कैंट के नेवादा इलाके में किराए का कमरा लेकर तीन बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार की सुबह वह छोटे बेटे के साथ काम के लिए निकली थी। रास्ते में महिला के ही गांव का विनोद नामक शख्स मिल गया। महिला ने अपने बेटे से कहा कि सामान लेकर कमरे पर जाए वह कुछ देर में आ जाएगी। इसी बीच महिला और विनोद के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर विनोद ने पहले गला दबाकर हत्या करना चाहा, लेकिन जब सफल न हुआ तो नुकीले हथियार से गले पर प्रहार कर महिला को जख्मी कर दिया। इससे महिला बेहोश हो गई तो उसे मरा समझकर वहां से विनोद भाग निकला, मां के घर न पहुंचने पर बेटों ने खोजबीन शुरू की। तो महिला गंगा कछार में अधमरी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन गंभीर रूप से जख्मी महिला को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर कैंट आरएस रावत ने बताया कि महिला विनोद के साथ चार साल रह चुकी है। महिला के कमरे पर विनोद का आना-जाना भी था। सीओ श्रीशचंद्र का कहना है कि महिला अपने पति को छोड़ चुकी है। विनोद के साथ उसका अवैध संबंध था। शायद विनोद फिर उसे अपने साथ ले जाना चाहता था। इसी के विवाद में घटना हुई है। आरोपित की तलाश की जा रही है।