आगरा। सिटी में चोरों ने शुक्रवार की रात धमाचौकड़ी मचा दी। न्यू आगरा क्षेत्र में सीए, तो थाना सदर में भाजपा कार्यकर्ता के यहां पर हाथ साफ कर दिया। चोर दोनों स्थानों से लाखों के माल पर हाथ साफ कर गए। खास बात ये थी कि चोरों ने उसी अलमारी को निशाना बनाया, जिसमें माल था। मामले में किसी नजदीकि के होने की आशंका बन रही है।

केस-1

सो रहे थे परिवारीजन

थाना न्यू आगरा क्षेत्र, बी-11 निवासी राकेश गुप्ता सीए हैं। कोठी में तीन परिवार रहते है। रात में परिवार के लोग घर में सोए हुए थे। रात में चोरों ने कोठी को निशाना बना लिया। बाहर लगी ग्रिल को तोड़कर चोर अंदर दाखिल हो गए। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो तिजोरी टूटी पड़ी थी। पुलिस के मुताबिक जहां पर चोरी हुई है वहां पर अन्य अलमारियां भी हैं। चोर ने उसी अलमारी का सेफ तोड़ा, जिसमें माल रखा था। इसके अलावा चोर अन्य किसी कमरे में नहीं गए। मामले में किसी जानकार का हाथ होने की आशंका बन रही है।

इतना माल ले गए

कैश- करीब 70 हजार

जेवर- डेढ़ लाख कीमत के

केस-2

कूलर में डाला नशीला पदार्थ

सदर, नामनेर निवासी अरुण अग्रवाल भाजपा आईटी प्रकोष्ठ के सदस्य हैं। रात में वे परिवार के साथ सोए हुए थे। रात तीन बजे करीब एक चोर ने घर में प्रवेश कर लिया। चोर ने पहले कूलर में कुछ नशीला पदार्थ डाला, जिससे परिवार के लोग उठ न सकें। इसके बाद कमरों की कुंदी बाहर से लगा दी। सुबह जब परिवार उठा, तो घटना की जानकारी हो सकी। परिवार के मुताबिक सीसीटीवी कैमरा चेक किया, तो एक चोर आता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने शर्ट नहीं पहनी हुई थी। परिजनों के मुताबिक चोर ने उसी कमरे को निशाना बनाया, जहां पर अलमारी रखी थी। अलमारी का लॉकर तोड़कर कीमती सामान साफ कर दिया।

इतना माल ले गए

कैश-17 हजार

जेवर- करीब पांच लाख के जेवर

स्विफ्ट से आए चोर स्कार्पियों ले उड़े

नेहरू नगर निवासी रविकांत केनरा बैंक शाखा बेलनगंज में मैनेजर हैं। रात में उनकी स्कॉर्पियो कार घर के पास खड़ी थी। रात में चोरों की टोली स्विफ्ट डिजायर कार से आई। चोरों ने उनकी कार का साइड का शीशा तोड़ा और कार स्टार्ट कर भाग निकले। सुबह चोरी की जानकारी हुई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों का पता करने में जुट गई है।