- जिला अस्पताल के पैथोलॉजी की रिपोर्ट में पुष्टि

- 24 घंटे में नौ नए मरीजों का हुआ एलाइजा टेस्ट, तीन में हुई पुष्टि

GORAKHPUR: शहर में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को जिला अस्पताल के पैथोलॉजी रिपार्ट में तीन नए डेंगू मरीजों की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग में हलचल मच गई है। बीते 24 घंटे में नौ मरीजों का एलाइजा टेस्ट किया गया है जिनमें तीन में बीमारी की पुष्टि हुई है। हर दिन बढ़ रहे इस आंकड़े ने हेल्थ डिपार्टमेंट की परेशानी बढ़ा दी है।

बढ़ रहा खतरा

बरसात और गर्म मौसम में फेरबदल की वजह से डेंगू ने यहां तेजी से पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। वहीं, शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल समस्या को और बढ़ाने में लगा है। साथ ही दवाओं का छिड़काव भी ना होना एक परेशानी है। यही कारण है कि तेजी से डेंगू लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। गुरुवार को जिला अस्पताल के पैथोलॉजी में नौ मरीजों का एलाइजा टेस्ट कराया गया जिसमें गोरखपुर के खजनी निवासी मनीष त्रिपाठी पुत्र संतोष कुमार त्रिपाठी, कैंट एरिया के पुलिस लाइन आवास में रहने वाले विजय कुमार पुत्र रमेश और महराजगंज जिले घुघली निवासी अजय पुत्र राम सकल में डेंगू की पुष्टि हुई। इस समय अजय का उपचार जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में चल रहा है तो अन्य मरीज शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट हैं।

81 मरीजों में 15 को डेंगू

जिला अस्पताल में अब तक शहर और ग्रामीण एरिया के 81 बुखार के मरीज ओपीडी में आ चुके हैं। इनका एलाइजा टेस्ट पैथोलॉजी में किया गया। इसमें 15 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। चार मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

वर्जन

डेंगू मरीजों के लिए वार्ड में चिकित्सकीय सुविधा मुहैया करा दी गई है। साथ ही डॉक्टर्स और एंप्लाइज को भी सचेत कर दिया है। अस्पताल में दवाएं और जरूरी सामान उपलब्ध हैं। मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

- डॉ। एचआर यादव, एसआईसी