- स्लैब गिरने से बंद कर दिया था जवाहर पुल

- बुधवार तक लोगों को फंसना पड़ा जाम में

- भीड़भाड़ वाले इलाके से निकालने में लगा रहा जाम

- गुरुवार सुबह लोगों ने ली राहत की सांस

आगरा। एक दिन पहले तक रामबाग से भगवान टॉकीज तक हाईवे की हालत पूरी तरह खराब थी। जाम ने लोगों को परेशान कर दिया। निर्माणाधीन ब्रिज के स्लैब गिरने से रामबाग से वॉटर व‌र्क्स तक आने वाला यातायात डायवर्ट कर दिया गया था। लेकिन गुरुवार को यहां पर फिर से यातायात सुचारु हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली।

सड़क फंसे हुए थे वाहन

मंगलवार को दोपहर दो बजे रामबाग से वॉटर व‌र्क्स तक बनने वाले नवनिर्माणाधीन ब्रिज के स्लैब अचानक से गिर गए। उस दौरान लेबर लंच करने गई थी नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद से एक तरफ का रोड रामबाग से वॉटर व‌र्क्स तक के पुल पर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया। इससे यातायात की हालत खराब हो गई। लम्बा जाम लग गया।

दो दिन रही लोगों को परेशानी

स्लैब का एक हिस्सा पुल से सट गया। आशंका बनी की कहीं भारी वाहन निकला तो इस पुल को भी नुकसान हो सकता है। इसके चलते उसे बंद किया गया। डायवर्ट हुए यातायात से एत्माद्उद्दौला से आम्बेडकर पुल तक जाम लग गया। लोगों को इस जाम में ही खिसक-खिसक कर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा।

खत्म हुई जाम की स्थिति

इस घटना के बाद से मौके पर काम लगातार जारी था। गुरुवार की सुबह बंद किए जवाहर पुल पर यातायात छोड़ा गया। सुबह हल्के वाहनों का जाना शुरू हुआ इसके बाद दोपहर में भारी वाहन भी निकलने लगे। यातायात सुचारू होने से लोगों ने राहत की सांस ली। चौराहा और एत्माद्उद्दौला व आम्बेडकर ब्रिज को जाम से निजात मिली।

लगी देखने वालों की भीड़

यातायात सुचारू होने के बाद भी लोग यहां से पैदल आ जा रहे हैं। यहां पर गिरा हुआ स्लैब लोगों को चौंका रहा है। गुरुवार को पुल पर देखने वालों की भीड़ लगी हुई थी। बाहर ने आने वाले लोग अपने वाहनों को खड़ा कर नजारा देख रहे थे।