- दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी, कई जगहों पर पुलिस की दबिश

- हेलमेट लगाए हमलावर की नहीं हो सकी पहचान

 

लंका थानाक्षेत्र की काशीपुरम् कॉलोनी में प्रापर्टी डीलर विनय सिंह को गोली मारने के मामले में लंका पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में नामजद आरोपियों रश्मिनगर निवासी गिरधारी पटेल और काशीपुरम कालोनी के लालू यादव से पूछताछ के आधार पर पुलिस दो और आरोपियों की तलाश कर रही है। इधर, ट्रामा सेंटर में भर्ती विनय की हालत खतरे से बाहर है।

 

जमीन विवाद का मामला

प्रापर्टी डीलिंग करने वाले विनय सिंह का कुछ लोगों से सीर गोवर्धनपुर स्थित एक प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। चंदौली निवासी विनय दो साल से काशीपुरम् कॉलोनी में घर बनवा कर रहते थे। ट्रामा सेंटर में भर्ती विनय ने बताया कि बुधवार की रात वह घर के बाहर टहल रहे थे तभी दो बाइक से चार लोग आए और उन्हें कहा कि रंगबाजी बंद करो नहीं तो जान से जाओगे। इसके बाद वह गालीगलौज करने लगे। एक आरोपी हेलमेट पहने था। उसके हेलमेट का शीशा उठाने के लिए विनय आगे बढ़े तो आरोपी ने उन्हें गोली मार दी। विनय ने गिरधारी और लालू यादव के अलावा सकलडीहा निवासी रामशरण के खिलाफ नामजद तहरीर दी। हेलमेट लगाए चौथे आरोपी को वह पहचान नहीं सके। इंस्पेक्टर लंका संजीव मिश्र ने बताया कि गुरुवार को आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई है। घटना को प्रथमदृष्ट्या जमीन विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। आरोपी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।