छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : सिदगोड़ा स्थित जैप-6 मैदान में चल रही आइआरबी (इंडियन रिजर्व बटालियन) की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान दौड़ लगाने के दौरान बुधवार को एक युवक की मौत हो जाने के बाद गुरुवार को भी दो और अभ्यार्थी बेहोश होकर गिर पड़े। इसमें एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। दोनों अभ्यर्थी मैदान में बहाली दौड़ के दौरान अचानक बेहोश होकर गिरे। जानकारी के मुताबिक शत्रुघ्न बहाली दौड़ के दौरान 21वें राउंड मे बेहोश होकर गिरा तो वहीं कंचन 22वें राउंड में।

एक की हालत गंभीर

बेहोश होने वाले अभ्यर्थियों में बोकारो स्थित मामरकुदर मोड़ निवासी शत्रुघ्न महतो व पलामू निवासी कंचन कुमार शामिल हैं। शत्रुघ्न महतो की स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि शत्रुघ्न को बुखार है और साथ ही साथ उसे सांस लेने में दिक्कत भी हो रही है। शत्रुघ्न अपने दोस्त मृत्युंजय सिंह चौधरी के साथ बहाली प्रक्रिया में भाग लेने आया था। इसमें मृत्युंजय सिंह ने दौड़ पूरी कर ली और उनका सलेक्शन भी हो गया है। जबकि शत्रुघ्न व कंचन एक से दो राउंड से चूक गए।

एक की मौत, नौ हो चुके हैं बेहोश

गौरतलब हो कि सिपाही बहाली में अबतक नौ लोग बेहोश हो चुके हैं तो वहीं एक की मौत भी हो चुकी है। बुधवार को ही दौड़ लगाने के दौरान कुल पांच लोग बेहोश होकर गिरे थे। इनमें बोकारो स्थित घटियारी निवासी (26) वर्षीय राजकुमार साव की मौत हो गई थी।

खाली पेट गर्मी में दौड़ने से बिगड़ रही तबीयत

चिकित्सकों का कहना है कि खाली पेट व गर्मी की वजह से अभ्यार्थियों की तबीयत बिगड़ रही है। इसमें किसी किसी की सांस तेज गति से चल रही है जो गंभीर अवस्था मानी जाती है। ऐसी स्थिति में उन्हें बेहतर इलाज की जरूरत होती है, जो एमजीएम अस्पताल में संभव नहीं है।