PATNA: शहर के गर्दनीबाग इलाके में बुधवार की सुबह आग ने जमकर तांडव मचाई। संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से दर्जनों झोपडि़यां जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने के घंटों बाद भी फायर बिग्रेड की टीम नहीं पहुंचने के चलते आग ने भारी तबाही मचाई। पानी की कमी के चलते लोगों ने नाली में बह रहे गंदे पानी से आग पर काबू पाया।

एक से दूसरे झोपड़ी में फैली आग

बुधवार की सुबह राजधानी के गर्दनीबाग के रोड नंबर 6 स्थित झुग्गी झोपड़ी में आग लग गई। आग लगने से आस पास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग झोपड़ी में कैसे लगी? इसे लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। सुबह सबसे पहले रामदीन की झोपड़ी से धुआं निकलना शुरू हुआ। लोग कुछ समझ पाते कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग बुझाने के लिए आस पास के लोगों ने झोपड़ी पर पानी डालना शुरू किया लेकिन पानी की कमी चलते आग पर काबू पाना संभव नहीें हो पा रहा था।

-पड़ोसियों ने की मदद

आग लगने से करीब दो दर्जन झोपड़ी जलकर खाक हो गई। झोपड़ी में रहने वाले लोगों का सारा सामान जल गया। अब आग लगने के बाद पीडि़त लोगों के सामने खाने पीने का सवाल खड़ा हो गया है। फिलहाल आस पास के लोगों की मदद से पीडि़त परिवारों आर्थिक सहायता दी गई है। लोगों ने पहले खुद आग को बुझाने का प्रयास किया।

-लोगों में भारी आक्रोश

आग लगने की सूचना मिलने के बाद भी घंटों तक दमकल गाडि़यां नहीं पहुंची। जिससे पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। हालात इतने खराब हो गए कि पानी की कमी के चलते लोगों ने नाली में बह रहे गंदे पानी को बाल्टियों में भरकर आग पर फेंकना शुरू कर दिया। सूचना के बाद भी दमकल टीम के नहीं पहुंचने के चलते स्थानीय लोगों ने प्रशासन के प्रति आक्रोश है।