-वीसी प्रो। हांगलू के इस्तीफे की मांग को धरना दे रहे छात्रसंघ पूर्व पदाधिकारियों से जमकर हुई अभद्रता, अभिषेक सिंह माइकल पर लगा आरोप

ALLAHABAD: विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रोहित मिश्रा द्वारा वीसी प्रो। हांगलू और महिला के बीच तथा कथित चैटिंग का आडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को कैम्पस से लेकर सड़क तक जमकर अराजकता हुई। लाइब्रेरी गेट के सामने चैटिंग प्रकरण में वीसी के इस्तीफे के इस्तीफे की मांग को लेकर धरना दे रहे पूर्व अध्यक्ष रोहित मिश्र, ऋचा सिंह, दिनेश सिंह यादव व अवनीश यादव के साथ जमकर अभद्रता की गई। पदाधिकारियों ने छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अभिषेक सिंह माइकल व उसके साथियों पर वीसी प्रो। हांगलू की शह पर अभद्रता करने का आरोप लगाया।

जुलूस से बिगड़ी फिजा

लाइब्रेरी गेट के भीतर दोपहर बारह बजे के बाद पदाधिकारियों का प्रदर्शन शुरू हुआ तो उसी समय एक छात्रनेता के जुलूस में माइकल सहित सैकड़ों छात्रों का हुजूम उधर से गुजर रहा था। हुजूम ने पदाधिकारियों को देखा तो स्थिति बिगड़ गई। पूर्व अध्यक्ष रोहित मिश्रा व ऋचा सिंह ने आरोप लगाया कि हुजूम में शामिल माइकल ने अपने साथियों के संग पदाधिकारियों को मारा पीटा और हम सभी के साथ अभद्रता की। पुलिस फोर्स व विवि के सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और लाठी पटककर हुजूम को वहां से खदेड़ा।

पदाधिकारियों ने घेरा प्राक्टर आफिस

अभद्रता से आक्रोशित पदाधिकारी चीफ प्राक्टर आफिस का घेराव करने पहुंच गए। पदाधिकारियों ने नवनियुक्त कार्यवाहक चीफ प्राक्टर प्रो। एचएस उपाध्याय व चुनाव अधिकारी प्रो। आरके उपाध्याय से माइकल व उसके साथियों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। इस दौरान पदाधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच जमकर बहस भी हुई। प्राक्टर प्रो। उपाध्याय ने पदाधिकारियों से तहरीर लेकर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया उसके बाद सभी पदाधिकारी वापस लौट गए। घेराव करने वालों में अध्यक्ष अवनीश यादव, महामंत्री निर्भय द्विवेदी, रोहित मिश्रा, ऋचा सिंह व दिनेश सिंह यादव आदि मौजूद रहे।