-लंच टाइम पर अचानक से भरभरा कर गिरा स्लैब

-हादसे के बाद रामबाग से लेकर भगवान टॉकीज तक लगा जाम

आगरा। मंगलवार की दोपहर सिटी में हुए तेज धमाके ने वाराणसी में हुए फ्लाईओवर के गिरने की घटना की यादें ताजा कर दीं। यहां पर नए और पुराने जवाहर पुल के बीच वाटरव‌र्क्स के पास बनाए गए नव निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक से गिर गया। तेज आवाज से लोग कांप गए। गनीमत थी कि उस दौरान लंच टाइम था जिससे मजदूर पुल पर काम नहीं कर रहे थे। इस घटना के बाद से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। पुलिस मौके पर जाम से देर रात जूझती रही।

अचानक से गिर गया स्लैब

रामबाग से वाटरव‌र्क्स तक दो पुल के बीच जाम से निजात दिलाने को नए पुल का निर्माण कई सालों से चल रहा है। जाम के दबाव को खत्म करने के लिए इस पुल का निर्माण चल रहा है। पिलर बनाकर ऊपर स्लैब बनाया गया है। काम इस दौरान बहुत तेजी से चल रहा है। दोपहर करीब दो बजे निर्माणाधीन पुल पर काम कर रहे मजदूरों का लंच टाइम था। सभी मजदूर पुल से अलग लंच कर रहे थे। उस दौरान दोनों तरफ ट्रैफिक चल रहा था कि अचानक से स्लैब भरभरा कर नीचे आ गए।

मौके पर मची अफरा-तफरी

स्लैब नीचे आते ही तेज आवाज हुई। पुल पर वाहनों में चलने वाले लोग ठिठक गए। पुल पर लोग दहशत में आ गए। रामबाग और वाटरव‌र्क्स चौराहे पर खड़े लोगों ने पुल की तरफ दौड लगा दी। अंदेशा था कि कहीं कोई दब न गया हो लेकिन गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। यदि लंच टाइम नहीं होता तो कई लोगों की जान पर बन आती। घटना के बाद से मौके पर अफरा-तफरी मची रही।

भारी वाहनों के जाने पर लगाई रोक

एक स्लैब रामबाग से वाटरव‌र्क्स आने वाले पुल से टिक गया। वहां पर अंदेशा बना कि कहीं कोई भारी वाहन निकला तो ये हिस्सा न ढह जाए। इसे रोकने के लिए पुलिस ने वहां से वाहनों का जाना बंद कर दिया। पुलिस ने इस रास्ते से जाने वाले वाहनों का रूट एत्माद्उद्दौला की तरफ डायवर्ट कर दिया। यहां से वाहन अम्बेडकर पुल से होकर निकल रहे थे। वहीं वाटरव‌र्क्स से रामबाग आने वाले पुल को टू वे कर दिया गया। यहां से वाहन आ जा रहे थे।