-यूपीएससी ने 15 केन्द्रों पर किया परीक्षा का आयोजन, दो पाली में करवाया गया एग्जाम

-प्री, मेंस और इंटरव्यू के जरिए पूरी होगी भर्ती

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: नए वर्ष 2019 में यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) ने पहली बड़ी भर्ती परीक्षा ऑल इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेस एग्जाम 2019 का आयोजन रविवार को किया। यह परीक्षा प्रयागराज समेत पूरे देश में करवाई गई। प्रयागराज में परीक्षा का आयोजन दो पालियों में सुबह 10 से 12 एवं दोपहर 02 से शाम 05 बजे तक किया गया। प्रयागराज में यह परीक्षा कुल 15 केन्द्रों पर करवाई गई। इसमें परीक्षार्थियों की संख्या लगभग साढ़े पांच हजार थी। एडीएम सिटी कार्यालय से प्राप्त सूचना के मुताबिक परीक्षा 50 फीसदी परीक्षार्थी ही इस परीक्षा में शामिल हुए।

500 अंकों के दोनो प्रश्न पत्र

ऑल इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेस एग्जाम 2019 के प्रथम प्रश्न पत्र में शामिल जनरल स्टडीज एंड इंजीनियरिंग एप्टीट्यूड के सवाल सभी के लिए कॉमन थे। यह प्रश्न पत्र दो घंटे का था। जिसका पूर्णाक 200 अंकों का था। इसके अलावा 300 अंकों का द्वितीय प्रश्न तीन घंटे का था। द्वितीय प्रश्न पत्र सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रानिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग के परीक्षार्थियो के लिए अलग अलग था। दोनों प्रश्न पत्र में कुल 500 अंकों के सवाल पूछे गए।

अभी 581 है पदों की संख्या

बता दें कि दूसरे चरण में मेंस की परीक्षा का आयोजन किया जाना है। यह परीक्षा 600 अंकों की होगी। इसके बाद 200 अंकों का इंटरव्यू भी करवाया जाएगा। इस भर्ती के जरिए अलग अलग केन्द्रीय संस्थानो में भर्ती की जानी है। इसमें संभावित पदों की संख्या 581 है। इसके जरिए सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रानिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग के पदों पर भर्ती होनी है। इसके स्टेज वन में प्री, स्टेज टू में मेंस और इसके बाद इंटरव्यू का आयोजन होगा। मालूम हो कि इस भर्ती परीक्षा का विज्ञापन बीते वर्ष 26 सितम्बर को आया था। इसका ऑनलाइन आवेदन 22 अक्टूबर तक लिया गया था।