जमकर पथराव हुआ
ranchi@inext.co.in
RANCHI :
रांची जिले को अशांत करने की असमाजिक तत्वों की साजिश एक बार फिर नाकाम हो गई। इस बार मामला नगड़ी थाना क्षेत्र के देवड़ी गांव से जु़ड़ा है। मंगलवार को यहां एक धार्मिक स्थल के पास प्रतिबंधित मांस मिलने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गए। दो गुट आमने-सामने आ गए हालांकि, रांची पुलिस और रैफ के जवानों ने समय रहते कमान संभाल ली, जिससे माहौल को शांत करने में मदद मिली। डीएसपी मुख्यालय टू विजय कुमार सिंह ने बताया कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।

यह है मामला
नगड़ी थाना क्षेत्र के देवड़ी गांव में मंगलवार को एक धार्मिक स्थल के पास दो महीने में दूसरी बार प्रतिबंधित मांस मिलने व एक युवक की हत्या की अफवाह फैलते ही माहौल अशांत हो गया। एक गुट के लोगों ने नगड़ी चौक के पास पथराव शुरु कर दिया। ऐसे में दूसरे गुट से भी 500 लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच ये सभी थाना पहुंचे। उन्होंने दोषी लोगों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस पहुंची, भागे उपद्रवी
देवड़ी में दो गुटों के आमने-सामने आने व पथराव की जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही उपद्रवी तत्व वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस अफसरों ने दोनों गुटों के लोगों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

गुस्साए लोगों ने बंद कराया बाजार
दो गुटों में तनाव के बाद नगड़ी के देवड़ी में माहौल बिगड़ गया था। खासकर एक धार्मिक स्थल के पास से मिले प्रतिबंधित मांस से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने इलाके की सारी दुकानों को बंद करा दिया। इस वजह से कुछ देर के लिए यहां अफरातफरी भी मच गई।