- कड़ी धूप और गर्म हवाओं से शहर का मौसमी मिजाज हुआ तल्ख

- फिलहाल मानसूनी बादलों की कोई संभावना नहीं, लोकल स्तर पर हो सकती है बारिश

VARANASI

चिलचिलाती धूप शहर को गर्म किये हुए है। मानसून की आने की आस लगाये लोगों को मायूसी हाथ लगी है। कड़ी धूप का असर रहा कि दोपहर में सड़कों पर सन्नाटे का आलम दिखायी दिया। ईद की खुशियां बांटने के लिए अपने रिश्तेदारों के जाने वाले भी धूप कम होने का इंतजार करते रहे। शाम को सड़कों पर चहल-पहल देखने को मिली। बारिश की उम्मीद तो दिख नहीं रही पर बादल लोगों को ललचा जरूर रहे हैं।

केरल में ही रफ्तार हुई कम

शनिवार को तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। बीते 24 घंटे में मैक्सिमम टेम्प्रेचर 42.6 डिग्री सेल्सियस व मिनिमम टेम्प्रेचर 29 डिग्री सेल्सियस हो गया था। इसके कारण उमस, गर्मी व तीखी धूप भी थी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तर पश्चिम से आ रही हवाएं शहर का वातावरण को गर्म कर रही हैं। आद्रता भी बढ़ी हुई है। अगर लोकल हीटिंग के साथ आद्रता को अनुकूल परिस्थितियां मिली तो बारिश हो सकती है। धूल भरी आंधी की भी आशंका है।

मानसून की रफ्तार में कमी आयी है। जिसके कारण यहां पर मानसून के आने का समय बढ़ गया है। पूर्वाचल में धूल भरी आंधी व हल्की बारिश की संभावना बरकरार है।

प्रो एसएन पाण्डेय, मौसम विज्ञानी