कानपुर। देश के पड़ोसी राज्य पाकिस्तान के उत्तर में इन दिनों वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) बना है। इसका असर उत्तर भारत में भी देखने को मिल रहा है। आज भी जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। ऐसे में भारतीय माैसम वैज्ञानिकों की मानें तो वेस्टर्न डिस्टरबेंस के अभी 16 फरवरी तक सक्रिय रहने की संभावना है। इसकी वजह से अगले 48 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तरी मैदानी और उससे सटे मध्य भारत में माैसम बिगड़ा रहेगा।

आज कई जगहों पर भारी बारिश से हालात बिगड़ सकते

वहीं मैदानी इलाकों के माैसम की बात करें तो उत्तर पश्चिमी भारत और इससे सटे मध्य भारत के मैदानी इलाकों में आज कई जगहों पर भारी बारिश से हालात बिगड़ सकते हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड में लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है। अधिकांश जगहों पर बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा इन राज्यों में कहीं हलकी बारिश तो कहीं भारी बारिश के साथ ओले गिरने की भी अाशंका हैं। इतना ही नहीं यहां हवाएं भी काफी तेज चलेंगी।

देश में कई राज्यों में माैमस का मिजाज मिला-जुला रहा

एक दिन पहले यानी कल वैलेंटाइन डे पर भी देश में कई राज्यों में माैमस का मिजाज मिला-जुला रहा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी हुई। सबसे ज्यादा बर्फबारी हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों कल्पा और मनाली के आसपास की पहाड़ियों पर हुई। मैदानी इलाकों की बात करें तो यूपी दिल्ली समेत कई राज्यों में कहीं धूप तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इसके अलावा पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में कई जगहों पर भारी बारिश हुई।

National News inextlive from India News Desk