-झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के चपेट में शहर, राहत को तरस रहे लोग

-मौसम विज्ञानियों का है कहना, फिलहाल राहत के आसार नहीं

VARANASI

शहर में गर्म हवाओं का चलना लू का एहसास करा रहा है। सूरज की तल्खी कुछ इस कदर जारी है कि लोग राहत को तरस जा रहे हैं। रविवार को मौसम कुछ ऐसा ही रहा। चिलचिलाती धूप लोगों को जला देने पर आमादा है। वहीं मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फिलहाल बनारस वालों को गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। गर्म हवाओं का चलना इसी तरह जारी रहेगा और तपन भी। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सुबह नौ बजे से ही गर्म हवाएं चलने लग जा रही हैं। जो रात तक लोगों को परेशान कर रही हैं।

दिन में धूप, शाम को बादल

मौसम का मिजाज कुछ ऐसा है कि दिन में कड़ी धूप हो रही है तो शाम को बादलों का घेरा आसमान में दिखायी देने लग रहा है। पर गर्म हवाओं से राहत नहीं मिल रही है। आसमान में बादल भी सिर्फ दिखावा ही साबित हो रहे हैं। उनके एक भी बूंद पानी गिराने का माद्दा नहीं दिखायी दे रहा है। हां, मौसम विज्ञानी जरूर इस बात की संभावना व्यक्त कर रहें कि अगर बादलों को पर्याप्त नमी और गर्मी मिली तो वे बरस सकते हैं। मौसम विज्ञान प्रो। एसएन पांडेय कहते हैं कि वर्तमान स्थिति लू जैसी ही है। तेज गर्मी की स्थिति तेज रफ्तार गर्म व शुष्क हवा के कारण बनी हुई है।

चढ़ गया पारा

मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में तापमान में बढ़त दर्ज की है। मैक्सिमम टेम्प्रेचर .4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं मिनिमम टेंप्रेचर में भी दो डिग्री सेल्सियस की बढ़त रही। यह 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।