- रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को बसों में फ्री सफर देने की तैयारियां शुरू

- 25 अगस्त की रात 12 बजे से 26 की रात 12 बजे तक फ्री सफर की सुविधा

LUCKNOW: रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री सफर देने की तैयारियां परिवहन निगम ने शुरू कर दी हैं। जिन रूट पर पिछले साल महिलाओं की अधिक भीड़ थी, उन पर अतिरिक्त बसें चलाए जाने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही नए रूट भी खोजे जा रहे हैं जिससे अधिक से अधिक महिलाएं फ्री सफर की सुविधा उठा सकें। इस बार रक्षाबंधन पर बस अड्डे आने वाली सभी महिलाओं का स्वागत विशेष थाल से किया जाएगा, जिसमें तिलक और राखियां होंगी।

बस अड्डे पर रहेंगे अधिकारी

इस बार बस अड्डों पर जीएम लेवल के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगा दी गई है। वे अपने क्षेत्र में आने वाले बस अड्डों की मॉनीटरिंग करेंगे। खुद एमडी राजधानी के बस अड्डों पर महिलाओं को दी जाने वाली इस सुविधा को देखेंगे।

फ्री सफर की टाइमिंग

महिलाओं को बसों में फ्री सफर की सुविधा 25 अगस्त दिन शनिवार को रात्रि 12 बजे से मिलना शुरू होकर 26 अगस्त दिन रविवार रात्रि 12 बजे तक ही मिलेगी।

सभी बसों में फ्री सुविधा

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभी महिलाओं के लिए फ्री सफर का आदेश शासन की तरफ से जारी नहीं किया गया है। फिर भी हम लोगों ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम ने प्रदेश के सभी डिपो को आदेश दिया है कि अधिक से अधिक बसें इस दिन सड़क पर उतारी जाएं।

चलेंगी अतिरिक्त बसें

निगम के अधिकारियों ने बताया कि उन रूट को चिन्हित किया गया है, जिन पर पिछले साल महिलाओं ने इस दिन बड़ी संख्या में सफर किया था। इन रूट पर इस बार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। परिवहन निगम के अनुसार रक्षाबंधन के दिन वॉल्वो, स्कैनिया, शताब्दी, जनरथ, ई बस में भी किराया नहीं लिया जाएगा।

कोट

भले ही अब तक शासन से आदेश नहीं आया है लेकिन हमनें तैयारियां पूरी कर ली हैं। महिलाओं के लिए इस दिन की ऑनलाइन बुकिंग भी कैंसिल कर दी गई है। ऑनलाइन बुकिंग कराने पर सीट दी जाएगी, वहीं बुकिंग का पैसा भी वापस कर दिया जाएगा।

एचएस गाबा

मुख्य प्रधान प्रबंधक संचालन

परिवहन निगम

---------------------

बाक्स

मोबाइल पर मिलेगी जानकारी

आलमबाग बस टर्मिनल से पूरे प्रदेश के लिए एसी बसों का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में रक्षाबंधन के दिन जो महिलाएं सफर करना चाहती हैं, वे अपनी बसों की पहले से जानकारी ले सकती हैं। इसके लिए परिवहन निगम प्रशासन ने मोबाइल नंबर 9415049750 जारी किया है। इस पर कॉल करके बसों की जानकारी हासिल की जा सकती है।