-दो करोड़ के अफीम की खेती को पुलिस ने किया नष्ट

-एएसपी अभियान और एएसबी कमांडर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई

HAZIPUR/PATNA: एक तरफ सूबे में शराबबंदी है वहीं दूसरी ओर अफीम की खेती का भंडाफोड़ हो रहा है। गुरुवार को गया में अफीम को नष्ट किया गया जबकि शुक्रवार को बिदुपुर थाना के जुड़ावनपुर दियारा में करीब दो बीघा जमीन पर अवैध कारोबारियों द्वारा किए गए अफीम की खेती को पुलिस टीम ने नष्ट कर दिया। लगभग दो करोड़ मूल्य की अफीम का अनुमानित कीमत लगाया गया है। एएसपी अभियान सूर्यकांत सिंह और एसएसबी के कम्पनी कमांडर ऋतुराज के नेतृत्व में तीन दर्जन पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और चौकीदार के द्वारा खेत में जाकर अफीम की फसल को नष्ट किया गया। ज्ञात हो कि गुप्त सूचना पर बिदुपुर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह द्वारा गुरुवार को जुड़ावनपुर दियारा में जाकर खेत का निरीक्षण किया गया था।

तार से की गई थी घेराबंदी

थानाध्यक्ष अवाक रह गए थे और देर शाम होने और पुलिस की संख्या कम रहने से लौट गए थे। इस सम्बन्ध में वरीय पदाधिकारी को सूचना दी। उसी सूचना पर एएसपी अभियान सूर्यकांत सिंह, एसएसबी कम्पनी कमांडर ऋतुराज के नेतृत्व में शुक्रवार को बिदुपुर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, एएसआई जयकिशोर सिंह, सदर निरीक्षक शोभाकांत पासवान सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल और चौकीदारों की टीम दियारे की ओर रवाना हो गयी।

जुड़ावनपुर दियरा में पीपा पुल पारकर पुलिस की टीम जैसे ही पहुंची लोग हतप्रभ हो गए। पुलिस टीम द्वारा उक्त भूमि में लगे सघन रूप से अफीम के पौधे को फूल सहित लाठी डंडे से पीट-पीटकर नष्ट किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त भूमि पर पूर्व मुखिया नसीबी राय के पुत्र के द्वारा अफीम की खेती किये जाने की मामला उजागर हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार खेती करने वाले व्यक्ति खेत को चारों ओर से प्लास्टिक तार से घेराबंदी किये हुए था ताकि कोई मवेशी या अन्य लोग खेत मे जाकर नष्ट नहीं कर सके।