-पीडि़ता के भाई ने अवैध संबंध में बहन को जलाने का लगाया आरोप

-सिविल लाइंस पुलिस ने पति, जेठ व जेठ की पत्‍‌नी के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: दहेज लोभी पति ने पत्‍‌नी को जलाकर मारने का प्रयास किया। पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से महिला को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी पति पत्‍‌नी को आग के हवाले करने के बाद फरार है। सिविल लाइंस थाने में महिला के भाई की तहरीर के आधार पर पति संतोष कुमार, जेठ प्रदीप कुमार व जेठ की पत्‍‌नी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं।

दो साल पहले हुई थी शादी

जार्ज टाउन थाना क्षेत्र के फतेहपुर बिछुआ मोहल्ला निवासी विनोद कुमार पुत्र राजन ने बहन सविता की शादी हिस्ट्रींग रोड निवासी संतोष कुमार से दो साल पहले की थी। भाई का आरोप है कि संतोष व जेठ प्रदीप आए दिन पैसे की मांग करते थे। दहेज की मांग पुरी न होने पर बहन को पीटा करते थे। भाई का यह भी आरोप है कि संतोष का एक महिला से अवैध संबंध है। उसी के कहने पर संतोष बहन के साथ बदसलूकी करता था। दिवाली वाले दिन संतोष शराब के नशे में घर आया। बहन से पैसे की मांग करने लगा। बहन ने पैसा न होने की बात कही तो गुस्से में आकर उसपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दिया। इससे वह गंभीर रुप से झुलस गई। इंस्पेक्टर शिव मंगल सिंह का कहना है कि भाई ने जीजा, जेठ व जेठ की पत्‍‌नी पर आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रथमदृष्टया जांच में लग रहा है कि महिला ने खुद आग लगाई है। दोनों भाई अलग-अलग रहते हैं। मजिस्ट्रेटी बयान व जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।