पत्‍‌नी की हत्या का विरोध कर रही मां को भी उतार दिया मौत के घाट

वारदात के बाद फरार हत्यारोपी को शंकरगढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार

ALLAHABAD: शक और रुपयों के विवाद में पत्‍‌नी कलावती की हत्या की। मां ने विरोध किया तो उसे भी मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार महेश कुमार शंकरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद हो गई है।

आए दिन होता था विवाद

पुलिस लाइंस सभागार में मंगलवार को एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी व सीओ रत्‍‌नेश्वर सिंह ने मीडिया को बताया कि शंकरगढ़ एरिया के फुलतारा गांव निवासी महेश शराब और गांजे का आदी है। अक्सर वह रात को नशे में घर पहुंचता था। मां व पत्‍‌नी नशा करने का विरोध करती थी। महेश पत्‍‌नी पर शक करता था। आए दिन शक व पैसों को लेकर हो रही किचकिच से तंग पत्‍‌नी मायके चली गई थी। घटना से तीन दिन पहले महेश जीजा के साथ ससुराल पहुंचा। वहां समझौता कर पत्‍‌नी को घर लाया। पुलिस के मुताबिक महेश ने बताया कि घर आने के बाद रविवार को नशे की हालत में पत्‍‌नी को कुल्हाड़ी से काट डाला। यह देख मां शोर मचाने लगी तो उस पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। सोमवार को अस्पताल में मां रनिया की मौत हो गई। घटना के बाद महेश गांव छोड़ कर फरार हो गया। थानाध्यक्ष शंकरगढ़ विजय विक्रम ने एसआई उपेंद्र प्रताप, ज्योत्सना व अन्य के साथ महेश को दबोच लिया। पुलिस का दावा है कि निशानदेही पर टोंस नदी से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है।