ranchi@inext.co.in
RANCHI: सिटी के बरियातू थानाक्षेत्र के जोड़ा तालाब इलाके में पेट्रोल छिड़क कर एक महिला को जिंदा जला डाला गया। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लालच में उनकी बेटी को मार डाला। मामले की प्राथमिकी बरियातू थाना में दर्ज कर ली गई है। मायके वालों ने बताया कि पैसे और जमीन के लालची ससुराल वालों ने अपने ही घर की लक्ष्मी को जिंदा जलाकर मार दिया। बंटवारे के विवाद के बाद ससुराल वालों ने महिला को आग के हवाले कर दिया। पिता ने रोते हुए कहा 15 दिन पहले मेरी बच्ची ने फोन किया था और कहा था कि पापा हमें यहां के लोग मार देंगे।

शराबी पति ने मारा प्रीती को
मरने वाली महिला का नाम प्रीती देवी है। बरियातू थाना में प्रीती के पिता ने बताया कि उनका दामाद शराबी है और दहेज के लिए रोज प्रीती के साथ मारपीट करता था। इसमें उसका बड़ा भाई और पूरा परिवार साथ देता था।

क्या है मामला
ससुरालवालों ने महिला पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रिम्स ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। महिला के पिता ने कहा कि जलाए जाने से पहले उनकी बेटी ने फोन कर उन्हें जानकारी दी थी कि उसे मारने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले भी ससुराल पक्ष द्वारा महिला के साथ कई बार मारपीट की गई थी। इसकी सूचना बरियातू थाने को भी दी गई थी। महिला के परिजनों ने ससुरालवालों पर उनकी बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। 24 अक्टूबर को भी उनलोगों ने प्रीति के साथ मारपीट की और उसने जब इसका विरोध किया तो उनलोगों ने पेट्रोल डालकर महिला को जिंदा जला डाला।