- महाराजपुर के रामपुर गांव में खेतों में मिला था शव, दो दिन पहले गलाघोंट कर हत्या की पुष्टि, महिला के भाई ने बहू पर लगाया आरोप

KANPUR: महाराजपुर में मंगलवार सुबह जिस महिला का शव खेतों में पड़ा मिला था, उसकी हत्या दो दिन पहले ही की जा चुकी थी। शव को रात के अंधेरे में खेतों में फेंका गया। परिजनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सुसाइड करने की बात बताई। बुधवार को पोस्टमार्टम हुआ तो महिला की गलाघोट कर हत्या की पुष्टि हुई। बॉडी पर चोट के निशान भी मिले हैं। हत्या का आरोप महिला की बहू पर है। महिला के भाइयों की तहरीर पर अब पुलिस बहू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में है।

मार कर खेतों में फेंका शव

रामपुर गांव निवासी किसान विजय पाल की पत्‍‌नी सियावती(50) का शव मंगलवार सुबह गांव में ही रहने वाले अमित के खेतों में पड़ा मिला था। शुरुआती पूछताछ में पता चला था कि घर में अक्सर कलह होती थी। सोमवार रात को भी घर में झगड़े के बाद सियावती घर से चली गई। जिसके बाद सुबह उसका शव मिला। सियावती के भाई के मुताबिक उसका बहू और बेटों से झगड़ा होता रहता था। संडे रात को भी झगड़ा हुआ था.उसी समय सियावती की हत्या कर दी गई। शव को एक दिन घर में ही छिपाए रखा गया और देर रात खेतों में फेंक दिया। वहीं हत्या की पुष्टि के बाद फोरेंसिक यूनिट ने घर पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। महाराजपुर एसओ सुमेर बहादुर के मुताबिक अभी बहू को गिरफ्तार नहीं किया है। हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।