JAMSHEDPUR: सोनारी थाना क्षेत्र अंकुर अपार्टमेंट निवासी इंजीनियर अनुभव अंगद की पत्‍‌नी कविता कुमारी (28 वर्ष) ने घर में फंदे के सहारे झूलकर सुसाइड कर लिया। घटना रविवार सुबह 8 बजे की है। सुसाइड करने से पहले कविता ने अपनी चार साल की बेटी को अपार्टमेंट के नीचे छोड़ आई थी। कविता की शादी 2012 में हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कविता के पति सुबह ही दिल्ली जाने के लिए घर से निकले थे। जानकारी मिलते ही वे घट लौट गए। अनुभव ने पुलिस को बताया कि कविता समय पर खाना नहीं बनाती थी। हमेशा सोई रहती थी। कई बार ड्यूटी से लौटने पर उसे खाना बनाना पड़ता था जिसको लेकर पत्‍‌नी से विवाद हो जाता था, लेकिन वह मामले की अनदेखी कर देते थे। रविवार सुबह वह दिल्ली जाने के लिये बिना नाश्ते किए ही घर से निकले। उसे हवाई जहाज से जाना था। पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिलते ही वे बीच रास्ते से लौट गए।

फूट-फूटकर रोने लगा अनुभव

घर पहुंचते ही अनुभव बिस्तर पर पड़े कविता के शव को गोद मे लेकर फूट-फूटकर रोने लगा। मर्म दृश्य देख लोगों ने अनुभव से कविता के शव को अलग किया। अनुभव ने बोकारो चंद्रपुरा में रहने वाले अपने माता-पिता को इसकी सूचना दी, जिन्हें विवाद की जानकारी थी। समझाने-बुझाने को माता-पिता शहर आने वाले थे। इस बीच कविता ने खुदकशी कर ली। कविता का मायका साकची के काशीडीह में है। उसके भाई का आरोप था कि बहन को ससुराल वाले परेशान करते थे। इससे कविता ऐसा कदम उठाने को मजबूर हुई। सोनारी थाना के अधिकारी संजय मालाकार ने कहा कि अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है।

भूख से रोने लगी बच्ची

कविता कुमारी अपनी चार वर्षीय बच्ची को फ्लैट के नीचे ही खेलने को छोड़ आई थी। उसे जब भूख लगी तो वह रोने-बिलखने लगी। फ्लैट के लोग उसे घर तक पहुंचाने को गए। घर का दरवाजा भीतर से बंद था।