लंदन से लगभग 200 किलोमीटर पश्चिम में स्थित ऐतिहासिक शहर मॉन्मथ एक पर्यटक स्थल है। अब विकीपीडिया के सौजन्य से, मॉन्मथ जानेवाले पर्यटक अपने स्मार्ट फ़ोन पर वहाँ के दर्शनीय स्थलों की जानकारी आसानी से हासिल कर सकेंगे।

इसके लिए उन्हें अपने स्मार्टफ़ोन को शहर में अलग-अलग स्थलों पर लगे बारकोड से स्पर्श कराना होगा। ऐसा करते ही फौरन उनके फोन पर उस स्थान के बारे में सारी जानकारियाँ देनेवाला विकीपीडिया का पन्ना खुल जाएगा। और शहर के इतिहास और जीवन के बारे में ये जानकारियाँ 26 भाषाओं में उपलब्ध होगी जिनमें हिंदी भी शामिल है।

इसके लिए शहर भर में स्कूलों, संग्रहालयों, ऐतिहासिक स्थलों और पब आदि के पास लगभग 1000 बार कोड और स्टिकर लगाए गए हैं। परियोजना से जुड़े विकीमीडिया यूके के एक अधिकारी ने कहा,"हमें बेहद खुशी है कि मॉन्मथ दुनिया का पहला विकीपीडिया शहर बनने जा रहा है। आखिरकार अब विदेशी सैलानी ना केवल अपनी भाषा में सूचनाएँ पढ़ पाएँगे बल्कि उनमें योगदान भी कर सकेंगे."

उम्मीद

विकीपीडिया के संस्थापक जिमी वेल्स ने मॉन्मथपीडिया की तरह दूसरे शहरों में भी ऐसा काम होने की आशा जताई है। उन्होंने कहा,"एक पूरे शहर को विकीपीडिया पर उतार देना एक नए तरह का काम है। मुझे आशा है दूसरे शहरों में भी ऐसा काम होगा.”

“मॉन्मथपीडिया” नामक इस परियोजना पर पिछले छह महीने से काम चल रहा था। विकीपीडिया ने किसी शहर को लेकर पहली बार इस तरह का काम किया है।

इस परियोजना के लिए राशि विकीपीडिया को बढ़ावा देनेवाली एक चैरिटी संस्था विकीमीडिया यूके और मॉन्मथशर काउंटी काउंसिल ने जुटाई है। विकीपीडिया ने इसके लिए सभी लोगों से शहर के बारे में अधिक से अधिक लेख और फोटोग्राफ़ भेजने का आह्वान किया है।

International News inextlive from World News Desk