हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज
allahabad@inext.co.in
ALLAHABAD: कैंट थाना क्षेत्र के बेली गांव में सोमवार शाम कुछ लोगों ने मो तौसीफ नामक युवक को कनपटी पर गोली मार दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से भाग गए। उधर गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी युवक को परिवार वालों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मयफोर्स के साथ मौके पर पहुंची, और छानबीन की। वहीं इस घटना के पीछे बच्चों का विवाद बताया जा रहा है।

खेल-खेल में विवाद
मो तौसीफ मूलरूप से धूमनगंज थाना क्षेत्र के मरियाडीह का रहने वाला है। वह बेली गांव में कई साल से परिवार के साथ रह रहा है। वह बड़े भाई साकिब के साथ टेलरिंग का काम करता है। तौसीफ का अभी निकाह नहीं हुआ है। बताया जाता है कि रविवार रात मोहल्ले में खेलने के दौरान बच्चों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि उसी बात को लेकर सोमवार शाम छक्कन के बेटे जुनैद, फहद व उबैद से फिर झगड़ा हो गया। इसी बीच विवाद बढ़ने पर एक युवक दौड़ते हुए अपने घर गया और फिर वहां से अवैध असलहा लेकर आया। असलहा देख तौसीफ अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगा तो उसे दौड़ाकर गोली मार दी गई। गोली कनपटी पर लगते ही वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। जमीन पर तड़पता देख हमलावर वहां से भाग निकले। तौसीफ को गोली लगने की सूचना परिवार और पुलिस को हुई। परिवार मौके पर पहुंचकर उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए। कुछ देर में पुलिस भी पहुंच गई। उधर तौसीफ के सिर पर गोली लगने के कारण उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

वर्जन

बच्चों के विवाद में तौसीफ को गोली मारी गई है। दोनों पक्षों का एक दूसरे के घर आना जाना था। तहरीर के आधार पर उबैद, फहद व जुनैद के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-श्रीशचंद्र, सीओ सिविल लाइंस