थाना ताजगंज के करबना क्षेत्र में हुई घटना

फर्श से टकरा कर गोली युवक के सीने में लगी

आगरा। थाना ताजगंज के करबना में सगाई लगुन के कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग से खलबली मच गई। एक गोली युवक के सीने में जा लगी। गंभीर अवस्था में उसे हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

चल रहा था लगुन का कार्यक्रम

खंदौली स्थित गांव परिहार निवासी मोहन सिंह की पुत्री का रिश्ता ताजगंज के गांव करबना निवासी रवि से तय हुआ है। शनिवार रात को लड़की पक्ष के लोग लगुन सगाई लेकर करबना आए। लड़की वालों के साथ 20 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र मुरारीलाल भी आया था। आधी रात तक खाना चल रहा था। उसी दौरान लड़का पक्ष का राकेश निवासी करबना तमंचा लेकर पहुंच गया। खुशी में तमंचे से फायर करने लगा। कारतूस तमंचे में फंसने से फायर मिस हो गया। इस पर राकेश उसे फर्श पर करके ठोकने लगा। अचानक गोली चल गई। गोली फर्श से टकराने के बाद पास में खड़े पुष्पेंद्र के सीने में जा लगी। वह खून से लथपथ होकर गिर गया। इससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई, वहां मौजूद लोग भोजन छोड़कर भाग खड़े हुए।

हॉस्पिटल में कराया एडमिट

लोग पुष्पेंद्र को लेकर एसएन इमरजेंसी पहुंचे। यहां हालत गंभीर देख उसे संजय प्लेस स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया। पुलिस को हादसे की सूचना कई घंटे बाद मिली, उसने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। सीओ सदर उदयराज के मुताबिक मामले में आरोपित राकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल पुष्पेंद्र की हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है।